दिल्ली में नशीली दवाओं ट्रामाडोल-कोडीन बरामद, दो मेडिकल स्टोर मालिक गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने पश्चिमी दिल्ली में अवैध दवाओं की सप्लाई करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में दो मेडिकल स्टोर मालिकों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल और कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है. पुलिस ने इसे इंटर-एजेंसी तालमेल का बेहतरीन उदाहरण बताया है.
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर 2025 को ANTF की टीम को सूचना मिली कि दिल्ली के एक मेडिकल स्टोर पर बिना वैध पर्चे के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की जा रही है.
छापे में भारी मात्रा में दवाएं बरामद
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ड्रग कंट्रोलर विभाग के साथ मिलकर पश्चिम विहार स्थित शिवम मेडिकोज पर छापा मारा. जांच के दौरान दुकान मालिक विनय मल्होत्रा को हिरासत में लिया गया. तलाशी में 3360 ट्रामाडोल कैप्सूल और 84 बोतल कोडीन फॉस्फेट कफ सिरप बरामद हुई. आरोपी वैध बिल या प्रिस्क्रिप्शन पेश नहीं कर सका, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में खुला नेटवर्क
पूछताछ में विनय ने खुलासा किया कि वह ये दवाएं रघुबीर नगर स्थित एक अन्य मेडिकल कारोबारी चंदन बंसल से लेता था. जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चंदन बंसल को भी गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि वह बिना वैध रिकॉर्ड और पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर रहा था और फर्जी बिलों का इस्तेमाल कर रहा था.
इंटर-स्टेट नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इंटर-स्टेट सप्लाई चेन की जांच कर रही है. यह कार्रवाई दिल्ली में अवैध दवाओं के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.



