मीका सिंह ने राजपाल यादव को दी मोटी रकम, बॉलीवुड वालों से कहा…

राजपाल यादव इस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हालांकि चेक बाउंस केस में तिहाड़ जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके राजपाल यादव के लिए बॉलीवुड वालों ने मिलकर हाथ बढ़ाया है। अब इस लिस्ट में नया नाम मीका सिंह का है जिन्होंने 9 करोड़ के कर्ज में डूबे कॉमेडियन के लिए एक मोटी रकम अनाउंस की है।
इस केस में राजपाल ने हाल ही में तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था। इससे पहले भावुक होते हुए उन्होंने कहा था, ‘क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं। कोई और रास्ता नहीं दिख रहा, यहां सब अकेले हैं, कोई दोस्त नहीं होता। इस मुश्किल से मुझे खुद ही गुजरना होगा।’ राजपाल यादव की ये बात बॉलीवुड के कलाारों के दिलों को छलनी कर गई। इसके बाद सबसे पहले उन्हें मदद का हाथ बढ़ाने वालों में सोनू सूद थे। धीरे-धीरे बॉलीवुड से लेकर राजनीति की दुनिया की भी तमाम हस्तियां सामने आई और उन्होंने एक्टर के मदद की बात कही।
मीका सिंह ने राजपाल को की 11 लाख रुपये की मदद
फिल्म जगह से जुड़े इस मामले में कई सितारों ने राजपाल को आर्थिक मदद की पेशकश की है। अब मीका ने भी 11 लाख रुपये की मदद देने की बात कही है। एक्टर को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है।
मीका सिंह बोले- मैं फिल्म जगत के सभी लोगों से आग्रह करता हूं
मीका सिंह ने कहा, ‘राजपाल यादव जी, मैं इस मुश्किल घड़ी में आपके साथ मजबूती से खड़ा हूं। सपोर्ट और एकजुटता के तौर पर मेरी ओर से 11 लाख रुपये का योगदान दे रहा हूं। आपने लाखों लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी है और आज हमारी बारी है कि हम आपके साथ खड़े हों। मैं फिल्म जगत के सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे आगे आएं और अपनी क्षमता के मुताबिक अपना सपोर्ट दें। हम एक परिवार है, और हमें हमेशा अपनों के लिए एकजुट रहना चाहिए।’
राजपाल को लेकर बोले मीका- मैं नहीं कहता कि आपलोग 5 करोड़ दे दो
मीका सिंह ने एक वीडियो के जरिए संदेश दिया है और कहा है, ‘इस वक्त सुपरस्टार राजपाल यादव बहुत ही कठिन समय से गुजर रहे हैं। हम सभी को उनके हालात पता हैं। इस वक्त उनको पैसों को बहुत जरूरत है। मैं रिक्वेस्ट करूंगा कि जिन-जिन एक्टर्स ने, प्रड्यूसर्स-डायरेक्टर्स ने, सुपरस्टार्स ने उनके साथ काम किया है, ये सही वक्त है कि वो उन्हें सपोर्ट करें। मैं नहीं कहता कि आपलोग 5 करोड़ दे दो। अगर हम 20 लोग भी 50-50 लाख अनाउंस करते हैं, 25 लाख अनाउंस करते हैं, 11 लाख अनाउंस करते हैं तो राजपाल यादव भाई की हेल्प हम कर सकते हैं। तो सिर्फ आप पोस्ट मत करो, दिखावा मत करो लेकिन मैं खुश हूं कि मेरे एक पोस्ट के बाद सभी ने शुरुआत कर दी है। लेकिन मैं वाकई में उनकी मदद करना चाहता हूं और आप सभी से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि हमारी जो इंडस्ट्री है एक-दूसरे के लिए हमेशा बनी है, अफोर्ड करो।’



