WPL के एलिमिनेटर मुकाबले में आज फाइनल को भिड़ेंगे दिल्ली-गुजरात

एजेंसियां— वडोदरा, लगातार तीन बार उपविजेता रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम महिला प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में मंगलवार को वडोदरा में जब पहली बार प्लेऑफ में पहुंची गुजरात जॉयंट्स के खिलाफ उतरेगी, तो उसकी कोशिश चौथी बार फाइनल में पहुंचने की होगी। डब्ल्यूपीएल के छोटे से इतिहास में सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीमों में शामिल दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार फिर लीग चरण को सफलतापूर्वक पार करते हुए शीर्ष तीन में जगह बनाई। इसके साथ ही वह अब तक के सभी चार सत्रों में प्लेऑफ के लिए क्वॉलिफाई करने वाली एकमात्र टीम बन गई है। मौजूदा सत्र में हालांकि दिल्ली का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा है, जिसमें दबदबे वाले प्रदर्शन के साथ गिरावट भी देखने को मिली। टीम ने अब तक चार मैच जीते हैं और उसे इतने में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली की गेंदबाजी की अगवाई तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने की है। मौजूदा सत्र में 14 विकेट लेने वाली इस गेंदबाज ने आखिरी ओवरों में काफी प्रभावित किया है।
उन्हें बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरनी (14 विकेट) का अच्छा साथ मिला है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी हरफनमौला मारिजेन कैप (10 विकेट) ने गेंदबाजी में नियंत्रण और भरोसेमंद प्रदर्शन जारी रखा है। बल्लेबाजी में कैप की हमवतन लौरा वोल्वार्ट (241 रन) और लिजेल ली (240 रन) ने शीर्ष क्रम में मजबूती प्रदान की है। भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (208 रन) के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी हालांकि चिंता का विषय बनी हुई है। गुजरात जॉयंट्स की टीम दूसरी ओर एलिमिनेटर में जबरदस्त आत्मविश्वास के साथ उतरेंगी। उन्होंने लगातार तीन मैचों की हार के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत की हैट्रिक लगाई। टीम ने इस दौरान गत चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 11 रन की अहम जीत भी हासिल की। यह दो बार की चैंपियन टीम के खिलाफ उनकी पहली जीत थी। टीम ने इस जीत से ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की की। लीग चरण के दोनों मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स को हराने से भी गुजरात को आत्मविश्वास मिलेगा।
दिल्ली कैपिटल्स— जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान) तानिया भाटिया, चिनेल हेनरी, लिजेल ली, निकी प्रसाद, शेफाली वर्मा, लौरा वोल्वाड्र्ट लुसी हैमिल्टन, मारिजनने कप्प, अलाना किंग स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदिनी शर्मा, श्री चरणी।
गुजरात जायंट्स— एशले गार्डनर (कप्तान), कनिका आहूजा, सोफी डिवाइन, भारती फुलमाली, किम गार्थ, काशवी गौतम, राजेश्वरी गायकवाड़, तनुजा कंवर, बेथ मूनी , रेणुका सिंह, अनुष्का शर्मा, जॉर्जिया वेयरहैम



