जरा हट के

घर की सफाई कर रही थी महिला, तभी दिखे छुपे हुए कई कैमरे, फिर खुली पति की पोल!

एक महिला को सफाई के दौरान अपने ही घर में छिपाए गए सीक्रेट कैमरे मिले, जिसे देख उसका माथा चकरा गया. लेकिन फिर उसके पति की पोल खुल गई, जो तकनीक का सहारा लेकर महिला की जासूसी कर रहा था.

घर-परिवार के बीच रहना दुनिया में सबसे सुरक्षित माना जाता है, जहां हम बिना किसी डर के अपनी निजी जिंदगी जीते हैं. लेकिन जरा सोचिए कि अगर वही घर एक जासूसी का अड्डा बन जाए और आपका अपना पति ही आपकी हर हरकत को गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड करने लगे, तो क्या होगा? निश्चित रुप से किसी की भी हालत खराब हो जाएगी. ब्रिटेन में एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां की रहने वाली सिंडी (बदला हुआ नाम) नाम की महिला अपने शादीशुदा जिंदगी में खुश थी. लेकिन एक दिन घर की सफाई के दौरान उसके सामने एक ऐसा राज आया, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए. महिला ने देखा कि घर में लाइट की स्विच से लेकर बच्चों के खिलौनों तक में कैमरे फिट थे. उन हिडन कैमरों को देखकर महिला का माथा चकरा गया. सुरक्षा के नाम पर जासूसी करने के लिए पति के द्वारा घर में लगाए गए कैमरों ने खौफनाक हकीकत को सबके सामने ला दिया.

बता दें कि इस तरह की घटनाओं को आज के डिजिटल युग में ‘टेक एब्यूज’ कहा जाता है. यह एक ऐसा खतरनाक हथियार बन गया है, जिसका इस्तेमाल करके लोग अपने पार्टनर की प्राइवेसी को पूरी तरह खत्म कर रहे हैं. दो बच्चों की मां सिंडी के साथ भी ऐसा ही हुआ. एक दिन जब वो अपने घर के ‘मेंटलपीस’ (अंगीठी के ऊपर का हिस्सा) को साफ करने लगीं, तो उनकी नजर एक छोटी सी चीज पर पड़ी. पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि वह क्या है, लेकिन जैसे ही उस पर रोशनी पड़ी, उन्हें एक लेंस की चमक दिखाई दी. वह एक छोटा सा जासूसी कैमरा था. सिंडी सन्न रह गईं. जब उन्होंने और गहराई से जांच की, तो उन्हें लाइट के स्विच के अंदर भी एक कैमरा छिपा हुआ मिला. सिंडी ने बताया कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनका पार्टनर एंड्रयू उन पर नजर रख रहा है.

उन्होंने कहा, “मैं हैरान थी कि वह मुझे रिकॉर्ड क्यों कर रहा है? मैं घर की सफाई कर रही हूं, बच्चों को दूध पिला रही हूं, इसमें ऐसा क्या है जिसकी जासूसी की जाए?” एंड्रयू की यह हरकत ‘कोअर्सिव कंट्रोल’ का हिस्सा थी. वह सिंडी को मानसिक रूप से कमजोर करने के लिए उनकी हर गतिविधि पर नजर रखता था. वह अक्सर सिंडी को दिन में मैसेज करता था, “क्या तुम अपनी चाय का मजा ले रही हो?” सिंडी को पहले लगता था कि शायद वह बहुत प्रेडिक्टेबल हैं, लेकिन कैमरे मिलने के बाद सारी सच्चाई सामने आ गई. जब सिंडी ने इस बारे में एंड्रयू से पूछा, तो वह पूरी तरह मुकर गया. उसने सिंडी को ही गलत साबित करने की कोशिश की और कहा कि वह किसी वहम का शिकार हैं. कुछ दिनों बाद वे कैमरे गायब हो जाते और फिर किसी नई जगह, जैसे लैंपशेड या गेमिंग कंसोल के पास मिल जाते. हाल ही में सिंडी ने इस कहानी को शेयर किया.

उन्होंने कहा कि यह किसी मानसिक प्रताड़ना से कम नहीं था. एंड्रयू सिर्फ घर में ही नहीं, बल्कि बाहर भी उनका पीछा करता था. सिंडी जहां भी जातीं, एंड्रयू वहां ‘इत्तेफाक’ से पहुंच जाता था. सिंडी ने बताया कि एंड्रयू उनके फोन की भी जासूसी करता था. वह चेक करता था कि सिंडी किससे बातें कर रही हैं. तंग आकर सिंडी ने 2021 के अंत में इस टॉक्सिक रिलेशनशिप से बाहर निकलने का फैसला किया. अलग होने के बाद भी एंड्रयू ने उनका पीछा नहीं छोड़ा, वह बच्चों के स्कूल के बाहर या बस स्टॉप पर अचानक पहुंच जाता था. सिंडी को अपना फोन और अपना पूरा रास्ता बदलना पड़ा, तब जाकर उन्हें थोड़ी सुरक्षा महसूस हुई. आज सिंडी तकनीक के जरिए होने वाले इस शोषण के खिलाफ लड़ रही हैं. उनका कहना है कि पुलिस और सरकार को ऐसे जासूसी उपकरणों पर सख्त नियम बनाने चाहिए. कई बार पुलिस भी इसे ‘सुरक्षा के लिए लगा सीसीटीवी’ समझकर नजरअंदाज कर देती है, जो पीड़ित के लिए बहुत बड़ा खतरा है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button