IPL 2024, CSK Vs RCB: आईपीएल का आगाज आज… नए कप्तान के साथ बेंगलुरु से भिड़ेगी चेन्नई की टीम, धोनी-कोहली पर नजरें

IPL 2024, CSK Vs RCB Match Update: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें सीजन का आगाज आज (22 मार्च) होगा. पहले मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीमें आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले में चेन्नई की टीम अपने नए कप्तान के साथ मैदान में उतरेगी.
यानी की अब IPL के पहले मैच के साथ एक नए दौर का आगाज भी होगा, जिसमें महेंद्र सिंह धोनी की जगह कमान अब ऋतुराज गायकवाड़ के हाथ में है. यह ओपनिंग मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रात 8.00 बजे से खेला जाएगा.
बेंगलुरु के खिलाफ चेन्नई का पलड़ा भारी
पांच बार की चैम्पियन और पिछली बार की विजेता चेन्नई टीम की नजरें रिकॉर्ड छठे खिताब पर है. दूसरी ओर आरसीबी पहली बार खिताब पर कब्जा करने के लिए अपनी ताकत झोंकेगी. सीएसके और आरसीबी की टीमें आईपीएल में अब तक 31 बार आमने-सामने हुई हैं. इस दौरान चेन्नई नें 20 मुकाबले जीते, जबकि बंगलुरु ने 10 में जीत हासिल की. एक मैच बेनतीजा रहा.
चेन्नई की कमान अब 42 साल के धोनी के हाथ से निकलकर युवा ऋतुराज गायकवाड़ के पास आ गई है. उधर, क्रिकेट की गजब की समझ रखने वाला धोनी का दिमाग पहले की तरह ही चुस्त है, लेकिन उम्र के साथ बतौर बल्लेबाज उनकी चपलता में कमी आई है. ऐसे में युवाओं पर प्रदर्शन की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
मैच में यह रहेंगे चेन्नई टीम की ताकत
अंगूठे की चोट के कारण आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाहर डेवोन कॉन्वे की जगह न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने ली है. वहीं, मध्यक्रम में उनके हमवतन डेरिल मिचेल होंगे. अनुभवी अजिंक्य रहाणे और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर मध्यक्रम में रन बनाने की जिम्मेदारी होगी.
चेन्नई की ताकत उसके हरफनमौला और स्पिनर हैं जो चिदंबरम स्टेडियम की पिच पर कहर बरपा सकते हैं. रवींद्र जडेजा, मिचेल सेंटनेर, मोईन अली, रचिन रवींद्र, महीष तीक्ष्णा की गेंदबाजी यहां बेहद असरदार साबित होगी. सीएसके के पास दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर जैसे तेज गेंदबाज भी हैं.
आरसीबी 2008 से CSK को चेन्नई में नहीं हरा सकी
श्रीलंका के मथीषा पथिराना बाहर हो गए हैं, उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान चोट लगी थी. आरसीबी ने इस मैदान पर चेन्नई को 2008 से नहीं हराया है. दो महीने के ब्रेक के बाद मैदान पर लौट रहे विराट कोहली और कप्तान फाफ डु प्लेसी पर रन बनाने की जिम्मेदारी होगी. कैमरन ग्रीन और ग्लेन मैक्सवेल भी टीम में हैं.



