देवेंद्र फडणवीस सरकार का बड़ा कदम, महाराष्ट्र की सरकारी सेवाएं अब व्हाट्सअप पर, दिए जरूरी निर्देश

मुंबई: महाराष्ट्र की महायुति सरकार की योजनाएं आसानी से आम जनता तक पहुंच सके इसके लिए सरकार सभी सेवाएं व्हाट्सऐप पर भी मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों का आदेश दिया है कि यह काम जल्द से जल्द होना चाहिए। व्हाट्सऐप पर अच्छी गुणवत्ता की सरकारी सेवाएं आसानी से पहुंच रही है कि नहीं, इस पर किसी तीसरी एजेंसी के माध्यम से नजर भी रखनी चाहिए।
बैठक में हुआ फैसला
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास वर्षा पर सरकारी सेवाओं के सरलीकरण से संबंधित एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। मुख्य सचिव राजेश कुमार ने सेवा वितरण में अपील की सुविधा उपलब्ध कराने और प्रमाणपत्र वितरण के लिए मल्टी-मॉडल प्रणाली (जैसे ईमेल, पोर्टल, व्हाट्सएप) का उपयोग करने के निर्देश दिए। आपले सरकार पोर्टल के माध्यम से वर्तमान में राज्य में 1001 सेवाएं मुहैया कराती है। इसमें से 997 सेवाएं पोर्टल पर उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। पिछले पंद्रह दिनों में पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं में 236 सेवाओं की बढ़ोतरी हुई है। ऐसी कई सारी जानकारी अधिकारियों ने बैठक में दी।
आपले सरकार पोर्टल भी उपलब्ध
इस पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार अलग-अलग विभागों के माध्यम से आम आदमी को सेवाएं देती है। आपले सरकार पोर्टल भी उपलब्ध है। जो सेवाएं आपले सरकार पोर्टल पर उपलब्ध है वह सभी सेवाएं व्हाट्सऐप के माध्यम से भी आम आदमी को मिलना चाहिए, क्यों आम तौर पर लोग व्हाट्सएप का उपयोग करते हैं। इसके लिए सभी तालुका में एक रिंग तैयार करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
बीएमसी की एक ही प्रकार की 9 सेवाओं को एकीकृत करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री कहा कि सेवा आपूर्ति की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी के माध्यम से नियमित रूप से जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक दस्तावेजों की संख्या को कम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला परिषदों, महानगरपालिकाओं और विश्वविद्यालयों के डैशबोर्ड समान होने चाहिए, ताकि राज्यभर के नागरिकों को एक समान अनुभव प्राप्त हो। इस सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रिंग और क्लस्टर प्रणाली लागू की जानी चाहिए। रिंग में प्रारंभिक रूप से उस तालुका के 10 से 12 गांवों को शामिल किया जाना चाहिए और आवश्यकता के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस रिंग के प्रबंधन के लिए अलग समूह और प्रबंधन टीम का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने डिश डिजिटल सेवा हब के उपयोग करने के भी निर्देश दिए।
वर्तमान में आपले सरकार पोर्टल की स्थिति:
– आपले सरकार पोर्टल पर 1001 सेवाएं उपलब्ध है।
– इनमें से 997 सेवाएं पहले से चालू
– पिछले 15 दिनों में 236 नई सेवाओं की वृद्धि



