280 यात्रियों को ले जा रही शिप में लगी भयंकर आग, बचने के लिए समुद्र में कूदने लगे लोग; 3 की मौत

इंडोनेशिया में यात्रियों से भरी शिप में उस वक्त आग लग गई, जब यह मनाडो बंदरगाह जा रही थी। शिप पर करीब 280 लोग सवार थे और आग लगने के बाद इनमें अफरा-तफरी मच गई। इसका वीडियो इंटरनेट पर काफी वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि शिप पर लगी आग भयंकर रूप ले चुकी है और लोग इससे बचने के लिए समुद्र में कूद रहे हैं। आग लगने से अब तक 3 लोगों की मौत हो गई है और कई यात्री शिप पर ही फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि करीब 150 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार आग दोपहर 1:30 बजे लगी। केएम बार्सिलोना वीए नामक इस शिप पर सवार एक यात्री ने आग लगने के बाद समुद्र में छलांग लगा दी और फिर फेसबुक पर लाइवस्ट्रीम किया।
शख्स की गोद में एक बच्चा भी था, जिसके साथ वह तैर रहा था। वीडियो में शख्स बोलता हुआ सुनाई दे रहा है कि हमें बचाओ। हम समुद्र में जल रहे हैं। आग किस कारण से लगी, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। जांच शुरू कर दी ई है, लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट, ईंधन रिसाव या इंजन में खराबी के कारण आग लगी होगी।
बता दें कि शिप तलौद द्वीप समूह से रवाना हुआ था और उसे मनादो बंदरगाह पर रुकना था। बचाव दल और स्थानीय मछली पकड़ने वाली नौकाओं की एक संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि अभी भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।



