राजनीति

एक साथ चुनाव के मुद्दे पर संसदीय समिति के सामने अपना पक्ष रखेंगे दो पूर्व प्रधान न्यायाधीश: सूत्र

नई दिल्ली : पूर्व प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति डी वाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे एस खेहर एक साथ चुनाव कराने के प्रस्ताव वाले विधेयकों का अध्ययन कर रही संसदीय समिति के समक्ष पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे। सूत्र ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि संविधान (एक सौ उनतीसवां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 पर संसद की संयुक्त समिति की अगली बैठक 11 जुलाई को निर्धारित की गई है, जब समिति के सदस्य दोनों सेवानिवृत्त प्रधान न्यायाधीशों के साथ बातचीत करेंगे।

समिति के समक्ष उपस्थित होंगे

वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व राज्यसभा सदस्य ई एम सुदर्शन नचियप्पन, जो कार्मिक, लोक शिकायत, कानून और न्याय पर स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष भी हैं, और पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री तथा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एम वीरप्पा मोइली भी समिति के समक्ष उपस्थित होंगे। यह 39 सदस्यीय समिति एक साथ चुनाव कराने के मुद्दे से संबंधित दो विधेयकों की पड़ताल कर रही है, जिसमें संविधान में संशोधन करने वाला एक विधेयक भी शामिल है।

सरकारी खर्चों में आएगी कमी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद पीपी चौधरी की अध्यक्षता वाली समिति का कार्यकाल संसद के मानसून सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन तक बढ़ा दिया गया है। विधेयक को पिछले साल दिसंबर में लोकसभा में पेश किये जाने के बाद समिति को भेजा गया था। सरकार का कहना है कि देश में एक साथ चुनाव कराने से विकास को गति मिलेगी और सरकारी व्यय में कमी आएगी क्योंकि बार-बार चुनाव होने से विकास कार्य बाधित होते हैं। विपक्षी दलों ने इस विचार को ‘असंवैधानिक’ और संघवाद के विरुद्ध बताया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button