हेलिकॉप्टर क्रैश हादसे की होगी जांच, बच नहीं पाएंगे दोषी, 7 लोगों की गई जान

रुद्रप्रयागः उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम से वापस फाटा आ रहा हेलिकॉप्टर रविवार की सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर क्रैश हो गया. हादसा इतना विभत्स था कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई. सभी शव बुरी तरह से जल गए हैं. शवों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. वहीं घटना को गंभीरता से लेते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हाई लेवल की मीटिंग बुलाई है. साथ ही आज के लिए हेलिकॉप्टर सेवा चारधाम में बंद कर दिया गया है. हेलिकॉप्टर गौरीकुंड के जंगल में क्रैश हुआ है. इस बार के चारधाम यात्रा में कई बार हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है.
सीएम धामी ने जताया दुख
इस हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “रुद्रप्रयाग जिले में हेलीकॉप्टर दुर्घटना की बहुत दुखद खबर मिली है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और अन्य बचाव दल राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। मैं बाबा केदार से सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।”
दुर्घटना की सामने आई ये वजह
बताया गया कि तकनीकी समस्या और मौसम के कारण यह दुर्घटना हुई। दो मई को हिमालयी मंदिर केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद से हेलीकॉप्टर क्रैश होने की यह पांचवीं घटना है। आज की घटना के बारे में बताया गया है कि दिनांक 15.06.25 को समय लगभग 05:17 बजे आर्यन कम्पनी का हेलीकॉप्टर छह श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ हेलीपैड से गुप्तकाशी हेलीपैड के लिए टेकऑफ किया था। रास्ते में मौसम खराब होने के कारण उक्त हेलीकॉप्टर के अन्य स्थान पर हार्ड लैंडिंग करने से क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
हेलीकॉप्टर में सात लोग थे सवार
जानकारी के अनुसार, दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। जायसवाल दंपती, जो महाराष्ट्र से आया था, वो और उनके 23 महीने के बच्चे की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई है। साथ ही दो लोग स्थानीय लोगों की भी मौत हो गई है।
मृतकों के नाम
1.राजवीर-पायलट
2.विक्रम रावत बीकेटीसी निवासी रासी ऊखीमठ
3.विनोद
4.तृष्टि सिंह
5.राजकुमार
6.श्रद्धा
7.राशि बालिका उम्र 10 वर्ष



