उत्तरप्रदेश

5 मई को शादी, 25 को हनीमून पर निकले, 29 को हादसा— पिछले 13 दिनों से लापता है प्रतापगढ़ का यह नवविवाहित जोड़ा

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के एक नवविवाहित जोड़े की गाड़ी सिक्किम में करीब 1000 फीट गहरी खाई में गिर गई है। यह हादसा 29 मई को तब हुआ जब वे भारी बारिश के बीच लाचेन से लाचुंग लौट रहे थे। गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे, जिनमें दंपति के अलावा 7 अन्य पर्यटक भी थे। पिछले 13 दिन से पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम उनकी खोज कर रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है।

नवविवाहित जोड़े की गाड़ी भारी बारिश में खाई में गिरी, 7 अन्य पर्यटक भी लापता
मिली जानकारी के मुताबिक, नवविवाहित दूल्हा कौशलेंद्र प्रताप सिंह (29) प्रतापगढ़ का निवासी है और भाजपा नेता उम्मेद सिंह का भतीजा है। उसकी शादी 5 मई को अंकिता सिंह (26) से हुई थी, जो धनगढ़ सराय चिवलाहा गांव की निवासी हैं। कौशलेंद्र और अंकिता 25 मई को ट्रेन से सिक्किम की यात्रा पर निकले थे और 26 मई को मंगन जिले पहुंचे थे। 29 मई को जब वे लाचेन से लाचुंग वापस जा रहे थे, तब अचानक भारी बारिश हुई और उनकी गाड़ी तीस्ता नदी के पास खाई में गिर गई। इसके साथ ही वाहन में सवार सात अन्य पर्यटक भी लापता हैं। इनमें 2 उत्तर प्रदेश, 2 त्रिपुरा और 4 ओडिशा के रहने वाले हैं। एक स्थानीय चालक भी इस गाड़ी में था।

SDRF-NDRF ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, अभी तक कोई सुराग नहीं मिला
बताया जा रहा है कि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक किसी भी लापता व्यक्ति का पता नहीं चला है। सिक्किम के अधिकारियों ने बताया है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि गाड़ी नदी में गिरने के कारण वे डूबे हैं या किसी और वजह से लापता हैं। हालांकि, होटल से उनका सामान बरामद हो चुका है।

परिवार में मची हाहाकार, सरकार से जल्द कार्रवाई और मदद की मांग
कौशलेंद्र के चाचा दिनेश सिंह ने बताया कि परिवार बहुत दुखी और सदमे में है। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्य सिक्किम जाकर डीआईजी अक्षय सचदेवा और क्षेत्रीय एसपी सहित पुलिस अधिकारियों से मिले हैं और अपनी मदद की गुहार लगाई है। कुछ दिन पहले कौशलेंद्र के पिता शेर बहादुर, अंकिता के भाई और चाचा सहित सात सदस्य सिक्किम पहुंचे थे और वहां उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर लापता जोड़े की खोज के लिए सहायता मांगी थी। परंतु अब तक कोई खबर नहीं मिल सकी है। परिजन सरकार और प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और उनके बेटे व बहू को सुरक्षित वापस लाया जाए। पूरे परिवार में शोक का माहौल है और वे एक चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button