भूल जाइए फालतू एडिटिंग ऐप्स! Google Photos में आया नया अपडेट, मिलेंगे AI फोटो-वीडियो एडिटिंग टूल्स

Photos ऐप की 10वीं सालगिरह के मौके पर Google एक बड़ा अपडेट लेकर आया है। Google ने अपने फोटो-वीडियो एडिटर को नया रूप देते हुए इसमें कई AI टूल्स को शामिल किया है। अब इनकी मदद से फोटो या वीडियो एडिटिंग करना इतना आसान हो जाएगा कि आपको दूसरे किसी फालतू ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी। इन टूल्स को देखकर समझा जा सकता है कि इन्हें एक आम यूजर के लिए जोड़ा गया है न कि किसी प्रोफेशनल के लिए। मतलब अगर आप फोटो में से कुछ हटाना चाहते हैं, रोशनी ठीक करना चाहते हैं या तस्वीर को थोड़ा सुंदर बनाना चाहते हैं, तो ये काम अब कुछ सेकंड में हो जाएगा। ये अपडेट लोगों की पुरानी यादों को जल्दी और आसानी से सजाने में मदद करेगा, जिससे आपकी फोटो और वीडियो और भी खास लगेंगी।
फोटो ए़डिटिंग के लिए खास अपडेट
इस अपडेट के बाद Google Photos में अब ऐसे स्मार्ट AI टूल्स आ गए हैं जो आपकी फोटो को बेहतर समझते हैं और उसी हिसाब से उसे एडिट भी करते हैं। इस अपडेट में एक नया फीचर है Reimagine टूल। इसमें आप सिर्फ बता कर अपनी फोटो को एडिट कर पाएंगे। जैसे कि अगर आप चाहते हैं कि फोटो का सिंपल आसमान सूरज ढलते समय जैसा दिखे, तो बस टाइप करें और ऐप सब कुछ खुद ब खुद कर देगा। इसी तरह Auto Frame फीचर आपकी फोटो को खुद ही अच्छे से क्रॉप करता है, ताकि उसमें सबसे जरूरी हिस्सा साफ दिखाई दे। इसके बाद आपको खुद कुछ एडजस्ट करने की जरूरत नहीं रह जाती। वहीं AI Enhance फीचर सिर्फ एक टैप में फोटो की ब्राइटनेस, शार्पनेस और कलर ठीक कर देता है। इससे आपकी फोटो कुछ ही सेकंड में प्रोफेशनल जैसी लगने लगती है।
वीडियो एडिटिंग के लिए खास अपडेट
Google Photos ऐप अब वीडियो एडिटिंग को भी आसान और स्मार्ट बना रहा है। नए AI टूल्स की मदद से आप अपने हिलते-डुलते वीडियो को स्टेबल बना पाएंगे। इसके अलावा वीडियो में कहां-कहां कट लगाना है इसका सुझाव आपको AI से मिल सकता है और यह वीडियो की लाइटिंग भी बेहतर करने में मदद करेगा। ये टूल्स प्रोफेशनल वीडियो एडिटिंग ऐप्स की जगह नहीं ले सकते लेकिन आपके छोटे-छोटे वीडियो क्लिप्स को जल्दी और आसानी से बेहतर बना सकते हैं। गूगल के वीडियो एडिटिंग ऐप में टाइमलाइन या लेयर एडिटिंग जैसा झंझट नहीं है। इसमें आपको सीधे और सिंपल एडिटिंग ऑप्शन मिलेंगे। इसके अलावा अब फोटोज ऐप में एल्बम शेयर करना भी आसान हो गया है। Google ने QR कोड शेयरिंग का नया फीचर जोड़ा है। अब आपको लिंक भेजने या कॉन्टैक्ट्स को ढूंढने की जरूरत नहीं रहेगी। बस अपने फोटो वीडियो का कोड बनाइए और सामने वाला उसे स्कैन करके एल्बम देख पाएगा।
किसके लिए आया अपडेट
अपनी 10वीं सालगिरह पर Google ने Photos ऐप में कुछ भी मुश्किल नहीं जोड़ा है। जो कुछ भी नया आया है वह एक आम यूजर को ध्यान में रखकर दिया गया है। इसे इस्तेमाल करना बहुत ही आसान है। इसके लिए न कोई नया तरीका सीखने की जरूरत, न ही कोई एक्स्ट्रा स्टेप। बस वही काम के टूल्स मिलेंगे, जिन्हें आप ढूंढते हैं। यह अपडेट रोलआउट हो चुका है और जून में ज्यादातर एंड्रॉयड यूजर को मिल जाएगा। अगर आप चाहते हैं कि आपकी फोटो और वीडियो बेहतर दिखें लेकिन एडिटिंग में ज्यादा समय ना लगे, तो यह अपडेट आपके लिए बहुत काम का है।



