राजनीति

आतंकवाद पर विदेश जाने वाले सांसदों के दल का हिस्सा बनेगी कांग्रेस, लेकिन मोदी सरकार की इस वजह से कर रही शिकायत

नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी आतंकवाद पर सरकार के साथ खड़ी होने की बात कर रही है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना भी साध रही है। कांग्रेस ने फिर कहा है कि वह पाकिस्तान से आतंकवाद के मुद्दे पर सरकार के साथ मिलकर काम करेगी। सरकार अलग-अलग देशों में सांसदों का एक दल भेजने वाली है। ये दल दुनिया भर के देशों के सामने भारत का पक्ष रखेंगे। कांग्रेस पार्टी का ताजा बयान सरकार की इसी पहल को देखते हुए आया है। कांग्रेस के नेता जयराम रमेश ने बताया कि संसदीय कार्यमंत्री मंत्री किरेन रिजिजू ने इस बारे में कांग्रेस अध्यक्ष से बात की है। हालांकि, जयराम रमेश ने PM मोदी की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि PM मोदी देश की सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीतिक दलों से सलाह नहीं लेते।

विदेश जाने वाले सांसदीय दल का हिस्सा बनेगी कांग्रेस

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर दो बार सर्वदलीय बैठक करने से मना कर दिया। कांग्रेस पार्टी संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग कर रही है। PM मोदी ने इस पर भी ध्यान नहीं दिया। हम चाहते थे कि संसद में 22 फरवरी, 1994 को पास हुए प्रस्ताव को फिर से दोहराया जाए।’

PM मोदी पर लगाया कांग्रेस को बदनाम करने का आरोप

जयराम रमेश ने आगे कहा, ‘PM मोदी और उनकी पार्टी लगातार कांग्रेस को बदनाम करते रहते हैं। जबकि कांग्रेस हमेशा एकता की बात करती है।’ रमेश ने ये भी कहा,’अब अचानक PM मोदी ने फैसला किया है कि वे अलग-अलग देशों में सांसदों का दल भेजेंगे। ये दल पाकिस्तान से आतंकवाद के बारे में भारत का पक्ष रखेंगे। कांग्रेस हमेशा देश के हित में काम करती है। हम BJP की तरह राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर राजनीति नहीं करते। इसलिए, INC (कांग्रेस) इन दलों का हिस्सा जरूर बनेगी।’ जयराम रमेश ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने इस मसले पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बात की है।

ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया तक सही तथ्य पहुंचाने का अभियान

ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में आतंकियों के नौ ठिकानों पर हमला किया था। यह हमला 6-7 मई की रात को किया गया था। यह 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर हमला करके भारतीय सेना को जवाबी कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद दोनों देशों के बीच जो तनाव पैदा हुआ है, उसी के मद्देनजर भारत सरकार ने इस क्षेत्र के सामरिक हालत से दुनिया भर के देशों को सही जानकारी देने का फैसला किया है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button