उद्धव-राज के साथ आने की चर्चा, पत्रकार के सवाल पर भड़के एकनाथ शिंदे

मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में निकट भविष्य में मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे और शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच दरार खत्म होने की संभावना है। क्योंकि दोनों नेताओं ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उद्धव ठाकरे की पार्टी ने गठबंधन के लिए राज ठाकरे पर शर्तें रखी हैं। उद्धव ठाकरे ने शर्त रखी है कि राज ठाकरे बीजेपी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) को गुप्त रूप से समर्थन न दें। दोनों नेता फिलहाल वेट और वॉच की भूमिका में नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर राज-उद्धव के एक साथ आने की संभावना पर अलग-अलग राजनीतिक नेताओं ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
फडणवीस ने जताई खुशी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर दोनों नेता एक साथ आते हैं तो उन्हें खुशी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगर वे एक साथ आते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे। सांसद सुप्रिया सुले ने भी गहरी खुशी जताई है। फिलहाल ठाकरे गुट और मनसे नेताओं के बीच शर्तों को लेकर मौखिक टकराव चल रहा है। फिर भी ठाकरे गुट की नेता सुषमा अंधारे सकारात्मक नजर आती दिखीं। इससे भविष्य में ठाकरे बंधुओं के बीच दरार खत्म हो सकती है।
अजित पवार ने क्या कहा?
उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी ठाकरे बंधुओं के एक साथ आने की खबर पर प्रतिक्रिया दी है। अजित पवार ने कहा कि अगर दोनों भाई एक साथ आ रहे हैं। तो किसी को भी दुखी होने की कोई वजह नहीं है। दोनों पक्ष अपने-अपने फैसले लेंगे। किसी तीसरे पक्ष की प्रतिक्रिया की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें जो सही लगे, वह फैसला लेना चाहिए।
एकनाथ शिंदे भड़के
वहीं जब टीवी9 मराठी के पत्रकार ने महाराष्ट्र के दूसरे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ आने को लेकर सवाल पूछा तो एकनाथ शिंदे काफी नाराज हो गए। ‘अरे चलो यार। क्या बात कर रहे हो…एकनाथ शिंदे ने इस तरह अपना गुस्सा जाहिर किया। एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।



