14 साल पहले खाई थी कसम… कौन हैं रामपाल कश्यप जिन्हें पीएम मोदी ने हरियाणा में पहनाए जूते?

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र के यूं तो लाखों-करोड़ों की संख्या में प्रशंसक और समर्थक हैं लेकिन हरियाणा के दौरे में उनकी मुलाकात कैथल के रामपाल कश्यप से हुई। पीएम मोदी के सामने जब रामपाल कश्यप पहुंचे तो पीएम मोदी ने कहा कि अरे भाई आपने ऐसा क्यों किया? क्यों अपने आप कष्ट देते हो। दरसअल, कैथल के रामपाल कश्यप ने 14 साल पहले एक व्रत लिया था कि जब तक नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे और मैं उनसे नहीं मिलूंगा, तब तक मैं जूते नहीं पहनूंगा। पीएम मोदी 2014 में पीएम बन गए लेकिन रामपाल कश्यप की मुराद पूरी हो गई, लेकिन मिलना बाकी रहा। इसके बाद रामपाल कश्यप अपने संकल्प पर अड़े रहे।
पीएम मोदी ने साझा किया वीडियो
सोमवार को अंबेडकर जंयती के मौके पर जब पीएम मोदी हरियाणा दौरे में दूसरे पड़ाव यमुनानगर पहुंचे तो रामपाल कश्यप का 14 साल पुराना इतंजार खत्म हो गया। पीएम मोदी ने रामपाल कश्यप से मुलाकात की और फिर उनसे ऐसा नहीं करने को कहा। पीएम मोदी ने रामपाल कश्यप को एक जोड़ी नए जूते दिए जो उन्होंने पीएम मोदी के सामने पहने। यमुनानगर दौरे के बाद पीएम मोदी ने एक्स एक वीडियो साझा किया और उसमें लिखा ‘हरियाणा के यमुनानगर में आज कैथल के रामपाल कश्यप जी से मिलने का सौभाग्य मिला। इन्होंने 14 वर्ष पहले एक व्रत लिया था कि ‘मोदी जब तक प्रधानमंत्री नहीं बन जाते और मैं उनसे मिल नहीं लेता, तब तक जूते नहीं पहनूंगा।’ मुझे आज उनको जूते पहनाने का अवसर मिला।
पीएम ने फैंस से की अपील
पीएम मोदी ने आगे लिखा कि मैं ऐसे सभी साथियों की भावनाओं का सम्मान करता हूं, परंतु मेरा आग्रह है कि वो इस तरह के प्रण लेने के बजाए किसी सामाजिक अथवा देशहित के कार्य का प्रण लें। पीएम मोदी का हरियाणा से कनेक्शन पुराना है। सोमवार को उन्होंने अपने हरियाणा से जुड़ाव का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि वह जब हरियाणा के प्रभारी थे। तब वह यमुनानगर आते थे। पीएम मोदी ने कहा कि यमुनानगर आज प्लाईवुड से लेकर पीतल और स्टील में आगे बढ़कर देश के आर्थिक विकास में योगदान दे रहा है।


