लगातार हिचकी आने को न करें नजर अंदाज, आपकी बॉडी दे रही है वार्निंग

हिचकी आना एक ऐसा अनुभव है जिसे हम सभी ने कभी न कभी महसूस किया है। जब अचानक से गले से ‘हिक’ की आवाज़ आती है तो हम इसे या तो किसी की याद से जोड़ देते हैं या बस यह मान लेते हैं कि खाना खाते समय कुछ गलत हो गया होगा। ज़्यादातर समय यह हिचकियाँ कुछ सेकंड या मिनट में अपने आप बंद भी हो जाती हैं — और हम दोबारा इस पर ध्यान नहीं देते।
डॉ विशाल खुराना, डायरेक्टर गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, मेट्रो हॉस्पिटल फरीदाबाद के मुताबिक क्या आपने कभी ध्यान दिया है कि जब हिचकी बार-बार आती है या बहुत देर तक रुकती ही नहीं है, तब यह शरीर का कोई सिग्नल हो सकता है? कई बार यह मामूली गैस या खाना निगलने से नहीं, बल्कि किसी अंदरूनी रोग या तंत्रिका तंत्र की गड़बड़ी का लक्षण भी हो सकता है। बार-बार हिचकी आना आपके पेट, लिवर की खराबी, डायाफ्राम की जलन, या ब्रेन-नर्व संबंधी किसी समस्या की शुरुआत हो सकती है।
अफसोस की बात यह है कि ज्यादातर लोग इसे मज़ाक या ‘छोटी बात’ समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। हकीकत यह है कि लगातार हिचकी आना (48 घंटे से ज्यादा) एक मेडिकल कंडीशन मानी जाती है, जिसे “क्रोनिक हिकअप्स” कहा जाता है। यह कई बार नींद में खलल डालती है, खाने-पीने में दिक्कत पैदा करती है और धीरे-धीरे शरीर को थका देती है।
इसलिए अब समय है सतर्क रहने का। हिचकी को सिर्फ एक सामान्य प्रक्रिया मानकर छोड़ देने के बजाय उसके पीछे के कारणों को समझना और सही समय पर डॉक्टर की सलाह लेना बेहद ज़रूरी है। इस लेख में हम जानेंगे कि बार-बार हिचकी आने की असल वजहें क्या हो सकती हैं, और कब यह एक गंभीर संकेत बन जाती है।



