अन्य खबरें

जनसंघ से लेकर भाजपा तक की संघर्ष यात्रा का परिणाम है आज की सफलता – मुख्यमंत्री साय

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर शहर जिला भाजपा द्वारा एकात्म परिसर स्थित जिला कार्यालय में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय थे, जबकि अध्यक्षता राज्य सरकार के मंत्री केदारनाथ कश्यप ने की। सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की भविष्यवाणी—”अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा”—आज पूर्ण रूप से सत्य सिद्ध हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है, और यह उपलब्धि कार्यकर्ताओं के समर्पण व परिश्रम की देन है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती को भगवान श्रीराम की ननिहाल बताते हुए कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि इस पुण्यभूमि पर सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने पूर्वज नेताओं का स्मरण करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा संघर्षों से भरी रही है और इस पार्टी को उस समय भी मज़बूती से खड़ा किया गया जब मात्र दो सांसद हुआ करते थे।

साय ने प्रदेश की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और नेतृत्व में आज छत्तीसगढ़ की जनता का भाजपा पर विश्वास और अधिक गहरा हुआ है। उन्होंने बताया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ, तेंदूपत्ता की बढ़ी हुई कीमत, भूमिहीन किसानों को वार्षिक सहायता, और मुख्यमंत्री तीर्थ योजना जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से भरपूर प्रदेश है और भाजपा की सरकार इसे विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

“भाजपा एक वैचारिक आंदोलन और एक यूनिवर्सिटी है” – पवन साय

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचारधारा, एक आंदोलन और एक प्रशिक्षण केंद्र (यूनिवर्सिटी) है जहाँ हर कार्यकर्ता सीखता है, बढ़ता है और राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा केवल सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की है।

“सरकार की योजनाएं निचले स्तर तक पहुँचानी होंगी” – केदार कश्यप

कार्यक्रम के अध्यक्ष और मंत्री केदारनाथ कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण आज छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जाए।

“जनसंघ और भाजपा का इतिहास हर कार्यकर्ता को जानना चाहिए” – बृजमोहन अग्रवाल

विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को जनसंघ से भाजपा तक के इतिहास को पढ़ने और समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज हम सत्ता में हैं लेकिन हमें इसे सेवा का माध्यम मानकर कार्य करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की और अयोध्या के बाद काशी और मथुरा के संकल्प की ओर संकेत किया।

विशेष उपस्थिति और आयोजन विवरण

कार्यक्रम का प्रारंभ भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के प्रास्ताविक उद्बोधन से हुआ जिसमें उन्होंने 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक चलने वाले स्थापना सप्ताह की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में अनेक विधायक, महापौर, प्रदेश पदाधिकारी, संगठन प्रभारी, मंत्रिगण और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सत्यम दुआ ने किया और संयोजन की भूमिका ललित जैसिंघ, आशु चंद्रवंशी, तुषार चोपड़ा और अमित मेसरी ने निभाई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button