अजय देवगन की वजह से फ्लॉप हुई ‘भेड़िया’? फिल्म के डायरेक्टर ने तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली। रोमांटिक और कॉमेडी जॉनर की फिल्मों में वरुण धवन पसंद किए जाते हैं। बॉलीवुड की ज्यादातर एक्ट्रेस के साथ उन्होंने बतौर लीड एक्टर काम किया है। साल 2022 में उनकी एक फिल्म रिलीज हुई थी, जिसका नाम भेड़िया था और इसमें उनके साथ बी टाउन की खूबसूरत अभिनेत्री कृति सेनन भी नजर आईं। खैर, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई। अब इसके डायरेक्टर ने इसके असफल होने पर खुलकर बात की है।
कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स’ में स्त्री जैसी हिट फिल्म देने वाले डायरेक्टर अमर कौशिक नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी कुछ सफल और असफल फिल्मों पर बात की। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि भेड़िया के फ्लॉप होने के पीछे रिलीज टाइमिंग और क्रिएटिव फैसले जिम्मेदार थे।
अजय देवगन की फिल्म से मिली टक्कर
आमतौर पर देखा जाता है कि बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्मों का क्लैश एक के लिए खराब साबित होता है। भेड़िया की रिलीज के समय अजय देवगन की दृश्यम 2 रिलीज हुई थी, जिसका इंतजार सिनेमा लवर्स बेसब्री से कर रहे थे। इस बारे में डायरेक्टर अमर कौशिक ने कहा, ‘फिल्म के खराब प्रदर्शन के पीछे दो चीजें थीं, जो मैं भी बाद में समझ पाया। जिस तरह स्त्री 2 की रिलीज दो और फिल्मों के साथ हुई। वैसे ही भेड़िया की रिलीज दृश्यम 2 के साथ हो गई थी, जो पहले से काफी ज्यादा चर्चा में थी और सभी उसे ही देखने जा रहे थे।’



