सवारियों से खचाखच भरी बस में महिला कंडक्टर ने सीट पर चढ़कर काटे टिकट

इंटरनेट पर इन दिनों एक रोडवेज बस का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें महिला बस कंडक्टर भारी भीड़ के बीच बहादुरी से टिकट काटती नजर आ रही हैं.
बस में सवारियों की भीड़ में कंडक्टर के लिए टिकट काटना बेहद मुश्किल हो जाता है और इसी वजह से कई सवारियां बिना टिकट के ही अपने स्टैंड पर पहुंचकर उतर जाती हैं. हालांकि, बिना टिकट बस, ट्रेन और आदि वाहनों में सफर करना कानूनी जुर्म है. बिना टिकट के यात्रा करने पर रोजाना कई लोगों का चालान भी कटता है, फिर भी कई लोग चुपचाप बिना टिकट के यात्रा करते हैं. कंडक्टर का ध्यान चढ़ने और उतरने वाली दोनों ही सवारियों पर होता है और ऐसे में वो टिकट काटने में देरी नहीं करते हैं. देशभर के कई राज्यों में महिला बस कंडक्टर भी अपनी सेवा दे रही हैं. अब राजस्थान रोडवेज बस से महिला कंडक्टर का तारीफे-काबिल वीडियो सामने आया है.
सीट पर चढ़कर काटे टिकट (Lady Bus Conductor in Rajasthan Roadways Bus)
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि सवारियों से खचाखच भरी राजस्थान रोडवेज बस में एक महिला कंडक्टर बस में सीट के ऊपर बैठकर टिकट बना रही हैं. उम्र में तकरीबन 45 के पार लग रही यह महिला कंडक्टर अपने काम को बहुत ही ईमानदारी और जुनून से कर रही हैं. इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘बहादुर महिला कंडक्टर, ज्यादा भीड़ होने के चलते महिला कंडक्टर को सीट के ऊपर बैठकर टिकट बनाने पड़े, बहुत ईमानदारी से अपना काम कर रही हैं’. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में महिला कंडक्टर की ईमानदारी और बहादुरी को देखकर लोग खूब तालियां बजा रहे हैं.



