Deep Fake मामले में दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता पर रश्मिका मंदाना ने किया रिएक्ट, जताई खुशी

नई दिल्ली. साउथ के बाद बॉलीवुड में भी अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकीं एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना पिछले साल डीपफेक का शिकार हुई थीं. बीते शनिवार दिल्ली पुलिस को इस मामले में बड़ी कामयाबी मिली थी. कल रश्मिका मंदाना का गुनहगार पुलिस के हत्थे चढ़ गया था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रश्मिका का कसूरवार पहले भी कई साइबर क्राइम को अंजाम दे चुका है. दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता के बाद एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर पुलिस का आभार व्यक्त किया. उन्होंने अपने पोस्ट में दिल्ली पुलिस की जमकर तारीफ की है.
समाज में बढ़ते साइबर क्राइम को देखते हुए एक्ट्रेस ने अपने फैंस को नसीहत भी दी है. वह अपने पोस्ट में लिखती हैं, ‘अगर आपकी इमेज आपकी मर्जी के बना इस्तेमाल हो रही है तो वो गलत है. मुझे उम्मीद है कि ये पोस्ट आपको याद दिलाने में मदद करेगा कि आप जिस समाज में रहते हैं वहां लोग आपको प्यार करते हैं और हमेशा आपको सपोर्ट करेंगे’.
रश्मिका के बाद नोरा भी हुईं शिकार
रश्मिका मंदाना के बाद आलिया भट्ट, कैटरीना कैफ, प्रियंका चोपड़ा जैसी बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेज डीपफेक का शिकार हो चुकी हैं. हाल ही में नोरा फतेही भी डीपफेक का शिकार बनीं. एक्ट्रेस ने अपने सोशल मीडिया पर अपने डीपफेक वीडियो के वायरल होने की जानकारी दी. वायरल हो रहे वीडियो में नोरा फतेही एक कंपनी का ऐड करते दिख रही थीं जो असल में वह थी ही नहीं.


