व्यापार

भारतीय रुपए के आगे अमेरिकी डॉलर धड़ाम, मजबूत हुआ रुपया

बिजनेस डेस्कः घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख के बीच रुपया मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में मजबूत हुआ और 26 पैसे की बढ़त के साथ 86.55 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिका में निराशाजनक आर्थिक आंकड़ों के कारण डॉलर में गिरावट आई। इसके अलावा एशियाई मुद्राओं की मजबूती ने भी रुपए को सहारा दिया।

हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल ने स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपए में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह डॉलर के मुकाबले 86.71 पर खुला और फिर इसने 86.54 के उच्चस्तर और 86.78 के निचले स्तर को छुआ। कारोबार के अंत में रुपया 86.55 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 26 पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 24 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी 86.81 प्रति डॉलर पर और बृहस्पतिवार को 17 पैसे चढ़कर 87.05 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपए में आज लगातार तीसरे सत्र में तेजी देखी गई। तीनों सत्र में यह कुल 67 पैसे मजबूत हुआ है। होली के अवसर पर शुक्रवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.32 पर रहा। 

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.31 प्रतिशत चढ़कर 72 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,488.45 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button