जिला अस्पताल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, ड्यूटी से नदारद 70 डॉक्टर्स समेत कर्मचारियों को नोटिस

दुर्ग : दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने पदभार संभालते ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया. शनिवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. जिसमें 70 डॉक्टर और 10 कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया. आपको बता दें कि शनिवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था.
डॉक्टर और कर्मचारी नदारद, कलेक्टर का एक्शन : इस दौरान कलेक्टर ने देखा कि सुबह 9 बजे के बाद भी कई डॉक्टर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं थे .अस्पताल में अनियमितता और गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने कार्रवाई करने का निर्णय लिया. उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर भी अपने साथ कलेक्ट्रेट ले गए, जिससे कोई भी कर्मचारी अपनी मनमर्जी से हाजिरी दर्ज ना कर सके. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई.वहीं जिला स्वास्थ्य अधिकारी मनोज दानी ने बताया कि कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान जो भी कर्मचारी और डॉक्टर समय पर उपस्थित नहीं थे, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.
अस्पताल में स्वच्छता रखरखाव को लेकर भी कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिए हैं. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि अस्पताल में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में कई खामियां हैं. उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखा जाए ताकि मरीजों को उचित सुविधाएं मिलें. कलेक्टर ने कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए सख्त निगरानी रखी जाएगी. इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि प्रशासन जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए गंभीर है- मनोज दानी, सीएमएचओ
तीन दिन में देना होगा जवाब : अस्पताल में सफाई व्यवस्था, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए. कलेक्टर कारण बताओ नोटिस में डॉक्टरों और कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है. यदि वे इस अवधि के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं, तो उनके खिलाफ एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी. इस चेतावनी के साथ प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी सेवाओं में लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.



