फोर्स ने एक साथ पांच माओवादी को किया गिरफ्तार

बीजापुर: माओवादी संगठन की प्रचार प्रसार सामग्री के साथ एक लाख रुपये के ईनामी डीएकेएमएस अध्यक्ष सहित 5 माओवादी गिरफ्तार हुए हैं. एएसपी चन्दकांत गोवर्ना ने बताया कि बीजापुर जिले में चलाये जा रहे माओवादी विरोधी अभियान का यह असर है. बीजापुर के थाना उसूर से सीआरपीएफ 229 वाहिनी, कोबरा 201, 205 और 206 की संयुक्त टीम नेलाकांकेर, मारूड़बाका, कमलापुर की ओर अभियान पर निकली थी. इस दौरान मारूड़बाका के जंगल से 05 प्रतिबंधित माओवादी, प्रचार प्रसार सामग्री, पाम्पलेट और बैटरी के साथ पकड़े गए.
कौन कौन से नक्सली हुए गिरफ्तार?: बीजापुर में बुधवार को कुल पांच नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई है. इनमें शामिल नक्सलियों के बारे में डिटेल जानकारी जानिए.
- नारायण भंडारी (मारूड़बाका डीएकेएमएस अध्यक्ष) उम्र 45 वर्ष, इनाम 1 लाख रूपये
- धरमा काका (मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य) उम्र 21 वर्ष
- नीला काका (मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य) उम्र 25 वर्ष
- किस्टा ध्रुवा (मारूड़बाका डीएकेएमएस सदस्य) उम्र 30 वर्ष
- रामबाबू पूनेम (मारूड़बाका आरपीसी मिलिशिया सदस्य) उम्र 26 वर्ष
एएसपी ने दी जानकारी: एएसपी चन्दकांत गोवर्ना ने बताया कि पकड़े गये माओवादियों के कब्जे से तलाशी के दौरान पास रखे थैला से माओवादी पाम्पलेट, एवररेडी की छोटी और बड़ी बैटरी बरामद की गई है. माओवादियों के विरूद्ध थाना उसूर में कार्यवाही करते हुए न्यायिक रिमाण्ड पर न्यायालय बीजापुर में पेश किया गया है.
बीजापुर में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है. यहां फोर्स के एक्शन से हालात बदले हैं. बीते दिनों पुजारी कांकेर इलाके में हाट बाजार भी शुरु हुआ. इसके साथ ही बीजापुर जिले में नियद नेल्लानार योजनाएं चलाई जा रही है. जिससे बीजापुर के सुदूर इलाकों में विकास कार्य तेजी से हो रहा है.



