एक साथ होली और रमजान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस मुस्तैद, शांति बनाए रखने की अपील

रायपुर/दुर्ग : छत्तीसगढ़ में इस बार होली और रमजान एक साथ है. देश के कई हिस्सों में ये त्यौहार जुमे वाले दिन मनाया जाएगा. प्रेम और सद्भाव के पवित्र महीने में किसी भी प्रकार की उपद्रता ना हो इसके लिए प्रशासन मुस्तैद है.इसके लिए पुलिस अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए गए हैं. छत्तीसगढ़ में भी इस त्यौहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है.इसे लेकर एसएसपी लाल उमेंद सिंह ने जानकारी साझा की.
अपराध रोकने के लिए कसी कमर : एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि होली को लेकर जिले के सभी थाना,चौकी प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं. होली का त्योहार तत्काल इलेक्शन के बाद आ रहा है, ऐसे में जितने भी पुराने शिकवा शिकायत, मनमुटाव, आपसी विवाद से जुड़े मामले हैं उन्हें सुलझाने की कोशिश करें.ताकि लोग अपराध ना करें. इसके अलावा जो पुराने आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्ति है ,उनकी भी सूची तैयार की गई है. उनके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए. संवेदनशील जगहों पर चेकिंग की जाए.
उन इलाकों को भी चिन्हांकित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां झगड़ा होने की संभावना ज्यादा रहती है.रमजान का महीना भी चल रहा है. होली का भी पर्व है , जिस वजह से शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. क्योंकि शुक्रवार को होली का त्यौहार भी रहेगा.यह सभी शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मना पाए , इसके लिए शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं- लाल उमेद सिह. एसएसपी
इस दौरान डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि होली के दौरान नशे के कारण होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए भी अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए गए. जिसके तहत उस दिन कोई भी नशा करके वाहन चलता पकड़ा जाएगा, तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा हुड़दंगियों पर भी पुलिस की पैनी नजर होगी. यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
दुर्ग भिलाई में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी : दुर्ग जिले में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जा रही है. दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें. अगर किसी को कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें. दुर्ग के एसपी जितेंद्र शुक्ला के मुताबिक हर थाने में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई है. जहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ चर्चा कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया गया है. वहीं पुलिस प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए 500 से अधिक जवानों को तैनात किया है. ये जवान शहर के संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेंगे और निगरानी रखेंगे. 12 मार्च को पुलिस का फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, जिससे लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी जा सके.
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस के आला अधिकारी खुद स्थिति का जायजा लेंगे और सुरक्षा उपायों को परखेंगे. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेय होली के दौरान असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही कार्रवाई शुरू कर दी है। जिन लोगों का अपराधिक रिकॉर्ड है, उन पर विशेष नजर रखी जा रही है और कई लोगों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है- जितेंद्र शुक्ला, एसपी
आपको बता दें कि इस बार होली का मुख्य दिन 14 मार्च को पड़ रहा है, जबकि इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार, रमजान का पवित्र महीना भी इसी समय चल रहा है. रमजान के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं और शुक्रवार को विशेष रूप से जुमे की नमाज अदा की जाती है. ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन मुस्तैद हो गया है. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. 500 से अधिक पुलिसकर्मी, फ्लैग मार्च, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तथा शांति समिति की बैठकें जैसे कदम उठाए गए हैं. पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि दोनों समुदाय अपने त्योहारों को सौहार्दपूर्ण माहौल में मना सकें.



