खेलराष्ट्रीय

वनडे से संन्यास नहीं ले रहे-रोहित शर्मा, फाइनल के बाद दिया दो टूक जवाब

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर चर्चा था कि वह चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के बाद वनडे क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। ठीक उसी तरह से जिस तरह से उन्होंने पिछले साल वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को बाय-बाय कह दिया था। हालांकि, रोहित ने खुद इन अफवाहों पर फुलस्टाप लगा दिया। रोहित ने साफ कर दिया है कि वह वनडे से संन्यास नहीं ले रहे हैं।

रोहित की कप्तानी में भारत ने रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी-2025 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया ने फाइनल में न्यूजीलैंड को चार विकेट से पटखनी दे तीसरी बार ये ट्रॉफी उठाई और इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनी। ये बतौर कप्तान रोहित की दूसरी आईसीसी ट्रॉफी है। इसी के साथ वह एक से ज्यादा आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले भारत के दूसरे कप्तान बन गए हैं

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित ने साफ कर दिया है कि वनडे खेलते रहेंगे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कहा, “एक और चीज। मैं इस फॉर्मेट (वनडे) से रिटायर नहीं हो रहा हूं। मैं ये बात सुनिश्चित करना चाहता हूं कि आगे चलकर कोई अफवाहें न फैलें।”

रोहित के इतना कहने के बाद पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा और भारतीय कप्तान मीडिया को थैंक्यू बोलने के बाद हंसते हुए वहां से चले गए।

रोहित पर इस चैंपियंस ट्रॉफी को लेकर दबाव था। घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार और फिर ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज की हार ने रोहित की कप्तानी पर सवाल खड़े कर दिए थे। तभी से उनके रिटायरमेंट की खबरें थीं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद बीसीसीआई की बैठक में रोहित ने कहा था कि वह कुछ दिनों तक हैं और तब तक उनका विकल्प तलाश कर लिया जाए। इसी के बाद माना जा रहा था कि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित बड़ा फैसला ले सकते हैं।हालंकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये बताया गया था कि अगर भारत चैंपियंस ट्रॉफी हारता है तो रोहित का जाना तय है, लेकिन अगर जीत जाता है तो फिर रोहित खेलना जारी रखेंगे। वहीं समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया था कि रोहित चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के साथ चैंपियंस ट्रॉफी के बाद एक बैठक करेंगे और इसके बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला लेंगे।

Champions Trophy 2025: इन 5 धुरंधरों ने टीम इंडिया को बनाया चैंपियन, खत्म हुआ 12 सालों का सूखा

5 Heroes Of Team India Victory In Final of ICC Champions Trophy 2025: आईसीसी के जिस खिताब की पिछले करीब 12 सालों से टीम इंडिया को दरकार थी. रोहित एंड कंपनी ने दुबई में न्यूजीलैंड को शिकस्त देते हुए उस कमी को पूरा कर दिया है. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार (नौ मार्च) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई स्थित दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. जहां टीम इंडिया बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही. ट्रॉफी जीतने के बाद बात करें फाइनल मुकाबले में किन पांच खिलाड़ियों का प्रदर्शन आला दर्जे का रहा, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं- 

रोहित शर्मा 

फाइनल मुकाबले में रोहित शर्मा ने जिस अंदाज में पारी का आगाज करते हुए बल्लेबाजी की. वह काबिलेतारीफ है. उनकी आक्रामक पारी की वजह से लक्ष्य का पीछा करते हुए अन्य बल्लेबाज कभी दबाव में नजर नहीं आए. मैच के दौरान उन्होंने कुल 83 गेंदों का सामना किया. इस बीच 91.57 की स्ट्राइक रेट से 76 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और तीन बेहतरीन छक्के निकले. जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से भी नवाजा गया. 

श्रेयस अय्यर 

पूरे टूर्नामेंट के दौरान मध्यक्रम में धमाल मचाने वाले युवा स्टार श्रेयस अय्यर पर फाइनल मुकाबले में भी सबकी निगाहें टिकी हुई थी. एक समय लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने महज 17 रनों के अंदर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे. उसके बाद अय्यर ने अपने धैर्य का परिचय देते हुए पारी को संवारा और 62 गेंदों में 48 रन बनाने में कामयाब रहे. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से दो चौके और दो खूबसूरत छक्के देखने को मिले. 

केएल राहुल

छठवें क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरे केएल राहुल एक बार फिर अपने लय में नजर आए. फाइनल मुकाबले में उन्होंने कुल 33 गेदों में नाबाद 34 रनों का योगदान दिया और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे. फाइनल मुकाबले से पूर्व सेमीफाइनल और लीग चरण में भी उन्होंने बखूबी मैच को समाप्त किया था. 

कुलदीप यादव 

मैच शुरू होने से पूर्व हर कोई रचिन रवींद्र (37) और केन विलियमसन (11) के प्रचंड फॉर्म को लेकर भयभीत था. लोगों को चिंता थी कि अगर फाइनल मुकाबले में भी उनका बल्ला चलता है तो टीम इंडिया की जीत कठिन साबित हो सकती है. मगर मैच के दौरान कुलदीप यादव ने इन दोनों दिग्गजों को जिस खूबसूरती के साथ पवेलियन का रास्ता दिखाया. वह काबिले तारीफ थी. 

वरुण चक्रवर्ती

मैच के दौरान भारतीय टीम के ‘मिस्ट्री’ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने भी दो विकेट चटकाए. पहले उन्होंने विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज विल यंग (15) को आउट किया. उसके बाद निचले क्रम में आक्रामक नजर आ रहे ग्लेन फिलिप्स (34) को भी पवेलियन जाने पर मजबूर कर दिया. नतीजन कीवी टीम भारतीय टीम के सामने बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकामयाब रही.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button