नगर निगम की कार्रवाई, कई होटल पर लगाया जुर्माना

दुर्ग\भिलाई: भिलाई नगर निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने नेहरू नगर चौक पर बने बस स्टॉप के पास स्वच्छता निरीक्षण किया. इस दौरान, उन्होंने पाया कि वहां नालियों से काफी बदबू आ रही थी. निरीक्षण करने पर पता चला कि आसपास के होटल से निकला कचरा नालियों में डंप किया जा रहा है. जिसके बाद नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कई होटलों और बर्फ फैक्ट्री में दबिश दी.
स्वास्थ्य विभाग की टीम गुरुवार को होटल पहुंची. इस दौरान टीम को होटल में कई खामियां देखने को मिली. होटल से कचरे के रूप में निकलने वाली सामग्री नाली में फेंकी जा रही थी. होटल किचन में साफ सफाई की व्यवस्था काफी खराब थी. टीम ने देखा कि खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली सामग्रियां निम्न स्तर की थी.
जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ कि होटल का लाइसेंस समय सीमा से बाहर मिला. इन सभी खामियों को देखते हुए टीम ने होटल पर 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया और आगे से साफ सफाई का ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी. स्वास्थ्य विभाग की टीम दूसरे होटल में भी जांच करने पहुंची. वहां 5000 का जुर्माना लगाया.
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संजय नगर में कबाड़ी दुकान के पास स्थित एक बर्फ फैक्ट्री की भी जांच की. यहां दुकान का लाइसेंस अवैध या अपूर्ण पाया गया, जिससे संबंधित नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए फैक्ट्री मालिक पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया.



