होली में मिलावटी खाद्य सामग्रियों की बिक्री रोकने जिला प्रशासन ने टीमें की गठित

रायपुर : होली का पर्व 14 मार्च को पूरे देश में मनाया जाएगा.लेकिन इस त्यौहार की आड़ में नकली मावा और मिठाईयां धड़ल्ले से बाजार में बिकती हैं.जिसमें सबसे ज्यादा मात्रा मावा,पनीर और दूध से बनीं मिठाईयों का होता है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत दूसरे शहरों में भी होली के त्यौहार के दौरान नकली खाद्य सामग्रियों की बिक्री के मामले सामने आते हैं.लेकिन इस बार रायपुर में खाद्य विभाग ने नकली मावा पनीर के खिलाफ टीमें तैयार की हैं.
रायपुर नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही सोनी ने बताया कि साफ सफाई को लेकर रायपुर नगर निगम के कर्मचारी रात दिन लगे रहते हैं. जिस जगह पर खाद्य सामग्री का निर्माण होता है. ऐसी जगह पर नगर निगम पेनाल्टी लगाती है.
वहीं रायपुर एसडीएम नंदकुमार चौबे ने बताया कि नकली खाद्य सामग्री से संबंधित सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है. इसके लिए जिले में 10 टीम गठित की गई है. औचक निरीक्षण करने के साथ ही सूचना मिलने पर नकली खाद्य सामग्री बरामद करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य अधिनियम की धारा के तहत कार्यवाही भी की जाती है.
आपको बता दें कि त्यौहारों के समय बाजार में नकली खाद्य सामग्री खूब बिकती है. जिसमें नकली पनीर, खोवा और मिठाईयां होती हैं.ऐसे में इस बार जिला प्रशासन ने ऐसे दुकानदारों पर जांच के बाद कार्रवाई करने के लिए टीमें तैनात की है.ताकि लोगों तक नकली सामान ना पहुंचे.
टीमें कैसे करेंगी काम ?: नकली खाद्य सामग्री से निपटने के लिए खाद्य विभाग ने रायपुर में 10 टीमों का गठन किया है. जो रूटीन चेकिंग के साथ ही सूचना मिलने पर संदिग्ध जगहों पर रेड की कार्रवाई करेंगे. इसके साथ ही टीम नकली और मिलावटी खाद्य सामग्री को जब्त करने के साथ ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई भी करेगी. नकली सामग्री का सैंपल रायपुर और दूसरी जगह के लैब में सैंपल भेज कर इसकी जांच कराई जाती है.



