दसवीं बोर्ड एग्जाम शुरू, बच्चों में दिखा उत्साह

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मार्च महीने की शुरुआत होते ही बोर्ड परीक्षाओं का दौर शुरू हो गया है. 1 मार्च को कक्षा बारहवीं की परीक्षा की शुरूआत हो चुकी है. आज 3 मार्च यानि सोमवार को कक्षा दसवीं का बोर्ड एग्जाम भी शुरू हो गया है. पहले दिन हिंदी का पेपर हुआ. अगला पेपर अंग्रेजी होगा, जिसकी तैयारी में दसवीं बोर्ड के बच्चे जुट गए हैं.
हिंदी के पेपर से एग्जाम की शुरुआत: कक्षा दसवीं के बोर्ड एग्जाम के पहले दिन हिंदी का पेपर हुआ. हिंदी की परीक्षा देकर एग्जाम सेंटर से बाहर निकलने वाले बच्चे उत्साहित नजर आए. हालांकि कुछ बच्चों का मानना है कि पहला दिन होने की वजह से थोड़ा सा डर उन्हें जरूर लगा, लेकिन क्वेश्चन पेपर देखने के बाद उनके मन में जो भी भय या डर था, वह समाप्त हो गया.
हिंदी का पेपर लगभग सभी बच्चों ने अच्छा किया है. सिलेबस के बाहर का कोई भी सवाल नहीं था. अब अंग्रेजी का पेपर है – स्टूडेंट
आज का पेपर अच्छा हो गया. 5 तारीख को अंग्रेजी का पेपर है, आधी तैयारी हो चुकी है. पहले दिन डरा सहमा था, लेकिन क्वेश्चन पेपर सरल आया तो अच्छा लगा – स्टूडेंट
तैयारी जैसी हुई थी, वैसा ही पेपर आया. पहला दिन होने की वजह से घबराहट हो रही थी लेकिन अच्छा पेपर रहा – स्टूडेंट
सब कुछ सिलेबस से ही था, पहले डर लग रहा था लेकिन पेपर अच्छा गया. हमारी तैयारी अच्छी चल रही है – स्टूडेंट
दसवीं बोर्ड की परीक्षा: छत्तीसगढ़ में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 2397 परीक्षा केंद्र बनाए हैं. इस साल कक्षा दसवीं में 3 लाख 28 हजार 450 बच्चे परीक्षा दें रहे हैं. वहीं कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 2 लाख 40 हजार 341 बच्चे परीक्षा दे रहे हैं.
परीक्षा का समय 9 बजे से दोपहर 12:15 तक: माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी पहले ही पूरी कर ली थी. परीक्षा सामग्रियों का वितरण भी परीक्षा केंद्रों में कर दिया गया था. परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 तक निर्धारित किया गया है.



