करोड़ों के घोटाले का फरार आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर : रामानुजगंज के जल संसाधन विभाग में फर्जी तरीके से करीब 9 करोड़ रुपए शासकीय राशि का गबन के केस में आरोपियों की गिरफ्तारी जारी है. इस मामले में पुलिस ने एक अन्य सहयोगी को अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है. इससे पहले बीते दिनों तत्कालीन कार्यपालन अभियंता संजय ग्रायकर सहित अन्य कर्मचारी भी जेल जा चुके हैं.
घोटाले में फरार आरोपी गिरफ्तार : रामानुजगंज के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी याकूब मेमन ने जानकारी देते हुए बताया कि जल संसाधन विभाग में तत्कालीन एसडीओ संजय ग्रायकर और अन्य ने मिलकर 8 करोड़ रुपए से अधिक राशि का गबन किया था. इस केस में पहले तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.
रामानुजगंज के जल संसाधन विभाग में करोड़ों रूपये गबन के जांच क्रम में एक आरोपी रामस्वरूप भटनागर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है : याकूब मेमन, एसडीओपी, रामानुजगंज
भू-अर्जन की राशि में घोटाला : रामानुजगंज जल संसाधन विभाग में साल 2022 में मार्च से मई महीने के बीच भू-अर्जन की शासकीय राशि को निजी व्यक्तियों के खाते में गैर वित्तीय तरीके से समायोजित किया गया था. इसके बाद 2023 में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसमें धारा 420, 467, 468, 471, 409 और 120 के तहत रिपोर्ट दर्ज किया गया था. फिर इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई थी.



