रोजगार मेले में 383 अभ्यर्थियों का चयन

रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से ऊंचाहार क्षेत्र के गंगौली स्थित सत्य साई महाविद्यालय में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न पदों के लिए 576 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया। साक्षात्कार लेने आईं कंपनियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाले 383 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया।
रोजगार मेले में आए कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। मेले का शुभारंभ जिला सेवायोजन अधिकारी विजय बहादुर सिंह सेंगर और महाविद्यालय के प्रबंधक वैभव त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने रोजगार मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी सुगंधा सिंह ने मेले में आईं कंपनियों के बारे में बताया और विभिन्न पदों की जानकारी भी दी। सर्वेश कुमार राय ने कॅरियर काउंसिलिंग की। प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने आभार जताया। इस मौके पर दीनानाथ त्रिपाठी, अरुण कुमार, आशीष कुमार पाल, अशोक यादव, गौरव सिंह, आनंद, अर्जुन प्रसाद व रामेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।



