ट्रक ने स्कूटी सवार लोगों को कुचला, 2 की मौत, 1 की गंभीर

जशपुर: पत्थलगांव के हड्डी गोदाम इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की शिकार बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है. बीएमओ ने कहा है कि बच्ची को हेड इंज्यूरी है. बेहतर इलाज के लिए उसे जल्द रेफर किया जा सकता है. हादसे के शिकार हुए लोग एक ही परिवार के सदस्य थे. सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए पत्थलगांव से कांसाबेल जा रहे थे. हड्डी गोदाम के पास जैसे ही उनकी स्कूटी पहुंची तेज रफ्तार ट्रक ने उनको टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से गाड़ी लेकर भाग निकला. पत्थलगांव पुलिस ट्रक ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश में जुटी है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. घायल बच्ची का नाम करिश्मा है उसके सिर में चोट आई है. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बच्ची को अंबिकापुर रेफर किया है.
पत्थलगांव पुलिस कर रही जांच: पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी. हादसे के शिकार सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं. मृतक विक्टर टोप्पो मनेंद्रगढ़ के रहने वाले थे जबकी रेशमा केरकेट्टा खपरा पारा की रहने वाली थी. हादसे में घायल बच्ची करिश्मा टोप्पो बंदियाखार चर्च गली की रहने वाली है.



