छत्तीसगढ़

अर्जुमन ढेबर ने कलेक्ट्रेट में ली पार्षद पद की शपथ

रायपुर: पूर्व महापौर एजाज ढेबर की पत्नी अर्जुमन ढेबर ने आज पार्षद पद की शपथ रायपुर कलेक्ट्रेट में ली. अर्जुमन वार्ड क्रमांक 45 मौलाना अब्दुल रउफ से पार्षद चुनी गई हैं. अर्जुमन को शपथ कलेक्टर गौरव सिंह ने दिलाई. इस दौरान अर्जुमन ढेबर के पति भी मौजूद रहे. शपथ लेने के बाद अर्जुमन ने कहा कि वो पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ काम करेंगी. अर्जुमन ने कहा कि जिस तरह से उनके पति ने रायपुर की सेवा की है उसी तरह से वो भी जनहित के काम करेंगी.

कलेक्टर ने दिलाई शपथ: अर्जुमन ढेबर ने कहा कि 10 साल से हमारे वार्ड में बेहतर काम हुए हैं. हमारे काम से हमारी जनता संतुष्ट है. मेरे पति एजाज ढेबर ने महापौर रहते हुए काफी अच्छा काम किया है. अर्जुमन ने कहा कि वो अपने वार्ड में विकास के काम कराएंगी और जनता के विश्वास पर खरी उतरेंगी. अर्जुमन ने कहा कि शहर के बाहर होने के चलते वो शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पाईं.

मेरे वार्ड की जनता ने मुझपर जो भरोसा जताया है उनके भरोसे पर मैं खरी उतरने की कोशिश करुंगी. भले ही हमारी संख्या कम है लेकिन विकास का काम उससे प्रभावित नहीं होगा – अर्जुमन ढेबर, पार्षद

मुझे मीनल चौबे समझदार लगती थीं लेकिन जिस तरह से मुझे इनविटेशन नहीं दिया गया वो अच्छा नहीं है. किरणमयी नायक को फोन किया गया लेकिन मुझे कोई फोन नहीं आया. नगर निगम को कोई रिमोट सिस्टम से ऑपरेट करेगा तो ये अच्छा काम नहीं होगा. नए महापौर को अपने विवेक से काम लेना चाहिए – एजाज ढेबर, पूर्व महापौर, रायपुर नगर निगम

पूर्व महापौर के बयान पर पलटवार: मीनल चौबे के नगर निगम में हुए कथित भ्रष्टाचार की फाइल मंगवाने के बयान पर एजाज ने पलटवार किया. पूर्व महापौर ने कहा कि मैं कब से सुन रहा हूं कि वह भ्रष्टाचार की फाइल मंगवा रही हैं. ढेबर ने कहा कि वो विपक्ष की नेता थीं तब फाइल क्यों नहीं खुलवाई, हमारी तो इस बीच सरकार भी नहीं थी. ढेबर ने कहा कि मैं डंके की चोट पर कहता हूं कि जांच करवा लें दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा.

गंगाजल छिड़काव को बताया दिखावा: महापौर मीनल चौबे के नगर निगम में गंगाजल छिड़कवाने पर एजाज ढेबर ने कहा कि नगर निगम लोकतंत्र का मंदिर है. लोकतंत्र के मंदिर में इस तरह का काम करना लोकतंत्र का अपमान है. जिस वक्त ये काम किया जा रहा था उस वक्त उनके पार्षद, सभापति और नेता प्रतिपक्ष मौजूद थे क्या उनका भी शुद्धिकरण किया जा रहा था.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button