तेज रफ्तार माजदा वाहन पलटने से 40 से ज्यादा लोग घायल, जांजगीर चांपा के मड़वारानी देवी मंदिर जा रहे थे लोग –

जांजगीर चांपा: नेशनल हाइवे नंबर 49 पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार माजदा वाहन पलटने से 40 से ज्यादा मुसाफिर घायल हो गए हैं. घायलों में कई को गंभीर चोटें आई हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है. घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. कोतवाली पुलिस के मुताबिक सभी लोग मड़वारानी माता के दर्शन के लिए निकले थे. इसी दौरान नेशनल हाइवे पर उनकी पलट गई. हादसे की वजह तेज रफ्तार रही. जिला अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है.
गाड़ी पलटने से 40 से ज्यादा लोग घायल: गांव वालों के मुताबिक सभी लोग पकरिया गांव के रहने वाले हैं. गांव में पंचायत चुनाव संपन्न होने और अपनी पसंद का पंच चुने जाने के बाद खुशी में माता के दर्शन के लिए निकले थे. ग्राम पेंड्री के पास ड्राइवर ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया. गाड़ी सड़क किनारे जाकर पलट गई. गाड़ी के पलटते ही मौके पर चीख पुकार मच गई. आनन फानन में स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया. तत्काल लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया.
सिटी कोतवाली पुलिस: घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम पहुंची. इस दुर्घटना में 13 बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं. डॉक्टरों के मुताबिक कई लोगों के हाथ पैर टूट गए हैं. बताया जा रहा है कि गाड़ी में जितने लोगों की बैठने की क्षमता से उससे ज्यादा लोगों को बिठाया गया था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी पलटने के बाद करीब 10 मीटर तक घिसटती रही.



