चैंपियंस ट्रॉफी से पहले आखिरी वनडे में भारत की बड़ी जीत

अहमदाबाद: भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला भी जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर टीम इंडिया को 142 रनों की एकतरफा जीत मिली। इसके साथ ही भारत ने सीरीज को क्लीन स्वीप कर लिया। लगातार 10वें मैच में टॉस हारने वाली भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 356 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड ने एक बार फिर विस्फोटक शुरुआत की। इसके बाद भी टीम की पारी 35वें ओवर 214 रनों पर सिमट गई। यह चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत का अंतिम मैच भी था।
गिल का वनडे में 7वां शतक
भारत के लिए शुभमन गिल ने शतक लगाया। अपने सातवें शतक के दौरान 104 गेंद में तीन छक्कों और 14 चौकों की मदद से 112 रन की पारी खेली। इस पारी की बदौलत इस प्रारूप में उनका औसत 60 के पार चला गया। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 116 और अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड की तरफ से लेग स्पिनर आदिल राशिद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 64 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 45 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
विराट कोहली भी लय में लौटे
पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने लय हासिल करने में समय किया लेकिन लय में आने के बाद कुछ शानदार शॉट खेले। कोहली ने 50 गेंद में अपना 73वां अर्धशतक पूरा किया। कोहली अर्धशतक पूरा करने के तुरंद बाद राशिद की तेजी से स्पिन होती गेंद पर विकेटकीपर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करऩे उतरे भारत की शुरुआत खराब रही जब कप्तान और पिछले मैच के शतकवीर रोहित शर्मा (01) दूसरे ही ओवर में वुड की गेंद पर साल्ट को कैच दे बैठे।
श्रेयस अय्यर एक बार फिर शानदार लय में नजर आए और उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए लेकिन राशिद की लेग साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में सॉल्ट के हाथों लपके गए। उन्होंने 64 गेंद का सामना करते हुए आठ चौके और दो छक्के की मदद से 78 रन बनाए। इससे पहले गिल ने वुड पर चौके के साथ 95 गेंद में शतक पूरा किया। वह हालांकि इसके बाद राशिद की गेंद पर बोल्ड हो गए। हार्दिक पंड्या (17) ने राशिद पर दो छक्के जड़े लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गए। राहुल ने अंत में 29 गेंद में 40 रन की पारी खेली।



