चंद मिनट में बिके भारत-पाक महामुकाबले के टिकट

दुबई-आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के टिकट कुछ ही मिनट में सोल्ड आउट हो गए। हाइब्रिड मॉडल में हो रहे टूर्नामेंट में 23 फरवरी को भारत और पाकिस्तान का मैच दुबई में खेला जाना है। इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए टिकट की बिक्री सोमवार शाम पांच बजकर 30 मिनट पर शुरू हुई थी। टिकट की सबसे कम कीमत 125 दिरहम यानी भारतीय करेंसी में 2964 रुपए थी। वहीं प्रीमियम लॉन्ज की कीमत 5000 दिरहम, भारतीय करेंसी में एक लाख 18 हजार रुपए थी। पाकिस्तान टीम टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है।
साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को फाइनल में पाकिस्तान ने हराकर खिताबी जीत हासिल की थी। इस टूर्नामेंट के ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीम शामिल है। वहीं ग्रुप-बी में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीम है। ग्रुप में सभी टीमें 3-3 लीग मैच खेलेंगी और और टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल या फाइनल में अगर भारतीय टीम पहुंचती है, तो मुकाबले दुबई में होंगे।



