छत्तीसगढ़

दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, बहू पहुंची थाने, पति, ससुर और सास के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर. कोटा रोड निवासी श्रेया छपोलिया ने अपने पति राघव नंदन छपोलिया, ससुर विश्वनाथ छपोलिया और सास संगीता छपोलिया के खिलाफ महिला थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराने के बाद एफआईआर दर्ज कराई है. शिकायत में श्रेया ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया.

श्रेया के अनुसार, उसका विवाह 23 जून 2023 को कटक निवासी राघव नंदन छपोलिया से भव्य तरीके से संपन्न हुआ था. शादी के पहले ही ससुरालवालों की तरफ से दहेज की मांग की जा रही थी, जिसे उसके परिवार ने पूरा भी किया. शादी के दौरान करीब 50 लाख रुपये नकद और कीमती गहने दिए गए थे. बावजूद इसके, ससुरालवालों की लालच खत्म नहीं हुई.

दहेज के लिए प्रताड़ना और शारीरिक हिंसा का आरोप

शिकायत में श्रेया ने बताया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे. पति राघव नंदन बार-बार उसके चरित्र पर शक करता था और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था. वह श्रेया का फोन चेक करता और उसे अपमानित करता था. सास-ससुर भी उसे गरीब घर की लड़की बताकर नीचा दिखाते थे.

श्रेया ने यह भी बताया कि जब वह अपने मायके आई, तो वापस ले जाने के नाम पर उसके पति ने 5 लाख रुपये की मांग की. जब यह रकम दी गई, तब जाकर उसे वापस ससुराल ले जाया गया. इसके बाद भी लगातार प्रताड़ना जारी रही और सास ने 10 लाख रुपये की और मांग रखी.

महिला थाना में शिकायत, पति नहीं हुआ काउंसलिंग में शामिल

शिकायत के बाद महिला थाना में काउंसलिंग की गई, लेकिन पति राघव नंदन उपस्थित नहीं हुआ. अब श्रेया ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने श्रेया की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button