अंपायर के फैसले पर भड़कना, महाराष्ट्र के ‘कप्तान’ पर लगा बैन

नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी के छठे राउंड की शुरुआत हो चुकी है। अक्टूबर और नवंबर में टूर्नामेंट के शुरुआती 5 राउंड के मुकाबले खेले गए थे। महाराष्ट्र की टीम नासिक में बड़ौदा के खिलाफ अपना छठे राउंड का मुकाबला खेल रही है। मैच शुरू होने से पहले ही टीम को बड़ा झटका लग गया। टीम के प्रमुख बल्लेबाज और रुतुराज गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में कप्तानी करने वाले अंकित बावने को एक मैच के लिए बैन कर दिया गया।
अंकित बावने पर क्यों लगा बैन?
महाराष्ट्र के बल्लेबाज अंकित बावने पर अंपायर के फैसले पर आपत्ति जताने की वजह से बैन लगा है। सर्विसेज के खिलाफ चौथे राउंड के मैच में आउट दिए जाने के बाद मैदान छोड़ने से इनकार करने पर बावने विवादों में घिर गए थे। हालांकि, इस बात के पुख्ता सबूत थे कि गेंद टप्पा खाने के बाद शुभम रोहिल्ला के हाथों में गई थी। बाएं हाथ के स्पिनर अमित शुक्ला की गेंद पर यह कैच स्लिप में लिया गया था।
उस मैच में कप्तान थे बावने
अंकित बावने उस मैच में कार्यवाहक कप्तान थे। मैच में DRS की सुविधा नहीं थी। बावने रिव्यू नहीं ले सके। मैदान छोड़ने से इनकार करने पर खेल लगभग 15 मिनट तक रुका रहा। मैच रेफरी अमित शर्मा और महाराष्ट्र के कोच सुलक्षण कुलकर्णी के हस्तक्षेप के बाद खेल फिर से शुरू हुआ। इस घटना के बाद कुलकर्णी ने घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग के स्तर पर सवाल उठाए थे। पांचवें राउंड में उन्हें खेलने का मौका मिला था लेकिन अब छठे राउंड में बैन कर दिया गया।
महाराष्ट्र के सबसे सफल बल्लेबाज
उस समय महाराष्ट्र के नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने भी आउट का रीप्ले सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। गायकवाड़ उस समय ऑस्ट्रेलिया में इंडिया ए के लिए खेल रहे थे। बावने इस सीजन में महाराष्ट्र के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने पांच मैचों में 51.57 की औसत से 361 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक बनाए हैं। महाराष्ट्र ग्रुप ए में नीचे से दूसरे स्थान पर है। प्लेऑफ की दौड़ से वे पहले ही बाहर हो चुके हैं।



