अयोध्या में गर्भगृह पर विराजे रामलला, मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं

राम भक्तों का शताब्दियों पुराना इंतजार खत्म हो गया है. अयोध्या के राम मंदिर के गर्भगृह में रामलला की मूर्ति चबूतरे पर रख दी गई है. गर्भगृह के दरवाजे पर पर्दा लगाया गया है और आसपास किसी को भी मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं है. इस पूरी प्रक्रिया में 4 घंटे का वक्त लगा. इसके अलावा मूर्ति की आंखों पर भी कपड़ा लगाया गया है. राम मंदिर के गर्भगृह के बाहर UPSSF के जवानों की तैनाती की गई है. अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होना है.
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए अनुष्ठानों का दौर जारी है. गुरुवार को गणेश पूजन और वरुण पूजन किया गया. राम लला की मूर्ति को बुधवार रात को गर्भगृह के अंदर लाकर तड़के कलश पूजन किया गया. पुजारी अरुण दीक्षित ने बताया कि 121 पुजारियों को उनके पूजा कार्य सौंपे जाएंगे और मंदिर परिसर में गर्भगृह के बाहर वास्तु पूजा होगी. राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को दोपहर 12:20 बजे शुरू होगी और इसके दोपहर एक बजे तक खत्म होने की उम्मीद है.


