छत्तीसगढ़

यशोदा की हत्या का खुलासा, चरित्र शंका पर पति ने ही रस्सी से गला दबाकर ले ली जान

आरंग। पत्नी मोबाइल पर अपनी मां से बात कर रही थी, लेकिन पति को लगा कि किसी गैर मर्द से बात कर रही है. इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ा कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी का गला रस्सी से दबा दिया. मौत के बाद होश में आया पति ससुराल वालों को कुछ और तो गांव वालों को कुछ और कहानी बताने लगा. आखिरकार पूछताछ में हत्या का राज खुलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर अब रिमांड में भेजने में जुटी है. 

ग्राम गौरभाट में संदिग्ध परिस्थितियों में यशोदा साहू की मौत का आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को यशोदा साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे. जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार रोककर फॉरेंसिक जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया. पीएम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने संदेहियों से कड़ाई से पूछताछ शुरू की, जिसमें मृतिका यशोदा साहू के पति शेखर साहू को टूटते देर नहीं लगी.

बताए अनुसार, आरोपी पति शेखर साहू सरकारी राशन दुकान में सेल्समैन का काम करता था. 6 जनवरी को दोपहर एक बजे जब वह खाना खाने अपने घर आया, तब यशोदा मोबाइल पर अपनी मां से बात कर रही थी. शेखर को लगा कि वह किसी दूसरे व्यक्ति से बात कर रही है. इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि शेखर साहू ने रस्सी से यशोदा साहू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

शेखर को पहले से ही अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर शंका थी. इसी वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहता था. हत्या को सामान्य मौत बताने के लिए आरोपी ने मृतिका यशोदा के मायके वालों को चक्कर खाकर गिरने से मौत की वजह बताई, जबकि गांव वालों को बाथरूम में फिसलकर गिर जाने से मौत की झूठी कहानी बताई.

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button