मैं राष्ट्रपति बना तो एक वर्ष में आधा हो जाएगा बिजली बिल-ट्रंप

चंडीगढ़, 11 अक्तूबर. भारत की ही तरह अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में भी बिजली का मुद्दा उठने लगा है। अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों से बड़ा वादा किया है। ट्रंप ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें उन्होंने ऊर्जा और बिजली की कीमतों में बड़े बदलाव का वादा किया है। ट्रंप ने कहा कि अगर वह राष्ट्रपति बनते हैं, तो 12 महीनों के भीतर ऊर्जा और बिजली की कीमतें आधी कर देंगे।
उन्होंने अपनी योजना के मुख्य बिंदु बताते हुए कहा कि उनकी सरकार पर्यावरणीय स्वीकृतियों में तेजी लाएगी और अमेरिका की बिजली उत्पादन क्षमता को दोगुना करेगी। उनके अनुसार, इस कदम से मुद्रास्फीति पर नियंत्रण किया जा सकेगा, जिससे अमेरिका और विशेष रूप से मिशिगन, दुनिया में कारखानों और उद्योगों के लिए सबसे आकर्षक जगह बन जाएगी।
ट्रंप द्वारा बिजली बिल हाफ करने के वादे संबंधी एक्स पोस्ट को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रिपोस्ट किया है। केजरीवाल ने लिखा कि ट्रंप ने घोषणा की है कि वह बिजली की दरें आधी कर देंगे। निःशुल्क रेवड़ी अमेरिका भी पहुंच गई है।



