राष्ट्रीय

PM मोदी आज अटल सेतु का उद्घाटन करेंगे:यह देश का सबसे लंबा समुद्री ब्रिज; बाइक-रिक्शा बैन, 4 व्हीलर की मैक्सिमम स्पीड 100 KMPH

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को यानि आज समुद्र पर बने देश के सबसे लंबे अटल बिहारी वाजपेयी शिवडी-न्हावाशेवा अटल सेतु (एमटीएचएल) का उद्‌घाटन करेंगे। एमटीएचएल के खुलने से मुंबई से नवी मुंबई केवल 20 मिनट में पहुंचना संभव होगा। 22 किमी लंबे ब्रिज में 16.5 किमी. हिस्सा पानी पर है और 5.5 किमी का एलिवेटेड रोड है। ब्रिज खुलने के बाद मुंबई से नवी मुंबई, नवी मुंबई एयरपोर्ट, मुंबई-पुणे एक्सप्रेस, मुंबई गोवा हाइवे तक बगैर ट्रैफिक में फंसे पहुंचना आसान होगा। देश का सबसे लंबा ब्रिज कई मायनों में खास है। ब्रिज पर वाहनों को 100 किमी की स्पीड से गाड़ी दौड़ाने की अनुमति दी गई है। वाहनों की गति बनाए रखने के लिए देश में पहली बार ओपन रोड टोलिंग सिस्टम एमटीएचएल पर होगा।

एमटीएचएल का निर्माण 10 देशों के एक्सपर्ट और 15,000 स्किल्ड वर्कर्स की मदद से तैयार किया गया है। अत्याधुनिक तकनीक से बना ब्रिज भूकंप के झटकों और समुद्र की तेज लहरों के बीच 100 वर्ष तक खड़े रहने में सक्षम है। निर्माण के दौरान पर्यावरण और समुद्री जीवों का खयाल रखा गया है। इस ब्रिज को तैयार करने में 17,840 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। एमटीएचल के खुल जाने के बाद मुंबई, नवी मुंबई के बाद रायगड जिले में तीसरी मुंबई तैयार करने की योजना सरकार ने बनाई है। इसके लिए एमटीएचएल तैयार करने वाली एजेंसी एमएमआरडीए को वहां की प्लानिंग अथॉरिटी नियुक्त किया गया है।

चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटे
मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) पर चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटे होगी,जबकि इस पुल पर मोटर साइकल, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टरों की आवाजाही पर पांबदी रहेगी। यानी मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो, ट्रैक्टर, जानवरों द्वारा खींचे जाने वाले वाहन और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को इस पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। एक अधिकारी के मुताबिक, कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनी बस और टू-एक्सल बसों जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। उन्होंने कहा कि पुल के चढ़ने और उतरने पर गति 40 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहेगी। एमटीएचएल शिवरी से शुरू होकर रायगढ़ जिले के उरण तालुका के न्हावा शेवा में जाकर समाप्त होती है।

Show More

Daily Live Chhattisgarh

Daily Live CG यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, बिजनेस, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button