भीम रेजिमेंट के प्रदेश अध्यक्ष ने साथी के साथ कोर्ट में किया सरेंडर, 18 तक पुलिस रिमांड पर

बलौदाबाजार. बलौदाबाजार कलेक्ट्रेट में आगजनी और तोड़फोड मामले में फरार आरोपी भीम रेजिमेंट के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी ने साथी हेमंत बंजारे के साथ सीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया,आरोपी को न्यायालय ने 18 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर दिया है.
आरोपी की ओर से अधिवक्ता शारिक खान ने बताया कि उनके अलावा तीन अन्य अधिवक्ताओं ने पैरवी की और उनके पक्षकार दिनेश चतुर्वेदी व हेमंत बंजारे ने मामले में संलिप्तता से इंकार करते हुए पुलिस रिमांड का विरोध किया. पुलिस ने 20 जुलाई तक रिमांड मांगा था, जिस पर हमारे विरोध के बाद 18 जुलाई तक रिमांड दिया गया है. वहीं रिमांड मिलते ही पुलिस ने आरोपियों को कस्टडी में ले लिया है. अब घटना को लेकर 18 जुलाई तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी. कोर्ट से निकलते हुए भीम रेजिमेंट के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चतुर्वेदी ने मीडिया से कहा, पुलिस बेवजह प्रताड़ित कर रही है. हम घटना में शामिल नहीं थे फिर भी नाम आया है. आज हमने न्यायालय में सरेंडर किया है. मेरे साथ हेमंत बंजारे ने भी सरेंडर किया है.



