परिसीमन बिल: रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को लिखी खुली चिट्ठी, लगाए गंभीर आरोप

परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले को लिखे एक पत्र में रोहित पवार ने उनसे प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करने और संसद में इसके खिलाफ मतदान करने की अपील की है. उन्होंने पत्र में शरद पवार की वैचारिक विरासत, पार्टी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी और महाराष्ट्र के राजनीतिक हितों का हवाला देते हुए पार्टी नेतृत्व से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है.
रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को लिखे पत्र में कहा, ”व्यक्तिगत रूप से मैं इस परिसीमन विधेयक का दृढ़ विरोध करता हूं और राज्य के लाखों कार्यकर्ताओं की भी यही भावना है. इसलिए आपके भीतर की संवेदनशीलता को आवाज देते हुए, एक सहयोगी और परिवार के सदस्य के रूप में मैं आपसे विनम्र आग्रह करता हूं कि कल संसद में पेश होने वाले परिसीमन विधेयक के खिलाफ आप सभी मतदान करें. आज ही यह स्पष्ट कर दें कि हम इस विधेयक के विरोध में हैं, ताकि साहब से प्रेम करने वाले प्रदेश के लाखों चिंतित कार्यकर्ताओं और प्रगतिशील विचारधारा को मानने वाले लोगों को भरोसा मिल सके.”
‘आपका चेहरा आगे करके आपकी छवि खराब करने की कोशिश’
उन्होंने आगे लिखा, ”पार्टी की ओर से दिल्ली में होने वाली सभी गतिविधियों को आप ही अक्सर मीडिया के सामने रखती हैं. इसलिए इस विधेयक को समर्थन देने को लेकर चल रही चर्चाओं के कारण आपको भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जा रहा है. दूसरी ओर, आपका चेहरा आगे करके वास्तव में इस पूरे घटनाक्रम के पीछे मौजूद हमारी ही पार्टी का बीजेपी समर्थक नेता चुपचाप बैठा है, जबकि आपकी छवि खराब हो रही है.”
‘विश्वास है आप इस विधेयक का विरोध करने का निर्णय जरूर लेंगी’
शरद गुट के नेता ने आगे कहा, ”मैंने आपकी आंखों में भावनाएं देखी हैं. मुझे विश्वास है कि आपके मन में भी हमारे जैसी ही सोच है, लेकिन संभव है कि आप पर दबाव हो. आखिरकार हम स्वाभिमानी महाराष्ट्र के मराठी लोग हैं. इसलिए दबाव को दरकिनार कर साहस दिखाना ही होगा. मुझे विश्वास है कि आप इस विधेयक का विरोध करने का निर्णय जरूर लेंगी, आपका एक निर्णय आदरणीय साहब की विचारधारा का सम्मान बनाए रखेगा और महाराष्ट्र के स्वाभिमान को भी मजबूती देगा.”



