संपादकीय

नेशनल घोड़ेबाजार स्टॉक एक्सचेंज आखिर किसके लिए?

`ईवीएम घोटाला, वोट चोरी, पैसों के इस्तेमाल के बाद अब चुनाव जीतने के नए प्रयोग के रूप में डिलिमिटेशन विधेयक को देखा जाना चाहिए। इस विधेयक को मंजूर कराने लायक संख्याबल भाजपा के पास नहीं है, लेकिन इसके लिए शाह ने ‘नेशनल घोड़ेबाजार, स्टॉक एक्सचेंज’ खोल दिया है!’

दिल्ली में संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान काफी हलचल रहती है, लेकिन नवंबर में होने वाला शीतकालीन सत्र आयोजित करने के मूड में मोदी-शाह नहीं हैं। यह संसद से भाग निकलने का तरीका है। सरकार ने शीतकालीन सत्र को पूरी तरह दरकिनार कर दिया, लेकिन तीन दिन का विशेष सत्र बुलाने की जिद अब पूरी कर ली है। संसद के मामले में यह मनमानी असल में तानाशाही ही है। सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से ३० नवंबर को लोकसभा और २ दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू करने का अनुरोध किया है। संसद के सत्र से घबराकर भागने वाली यही सरकार अब ‘८५०’ सांसदों का बोझ उठाने वाला ‘डिलिमिटेशन’ विधेयक लाने जा रही है, यह हैरान करनेवाला है। जब तक ८५० सांसदों वाला डिलिमिटेशन विधेयक मंजूर होने की संभावना नहीं दिखती, तब तक संसद का सत्र नहीं बुलाएंगे, यह मोदी-शाह की जिद लोकतंत्र विरोधी है। २०२६ का मानसून सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित (adjourned sine die) हुए १०० दिन से ज्यादा हो गए, लेकिन संसद का सत्रावसान (prorogation) नहीं हुआ है। यह संसदीय ‘गतिरोध’ है। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए सरकार द्वारा संसद को बंधक बनाने का यह तरीका अद्भुत है। संसद का एक सत्र ही ‘वोट चोरी’ की तरह चुरा लिया गया। यह सिर्फ मोदी-शाह ही कर सकते हैं। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने ८५० सांसदों के लिए नया संसद भवन बनवाया। उस भवन की संरचना भी भ्रम पैदा करने वाली है। ८५० सांसदों की योजना करने वाले संविधान संशोधन विधेयक को मंजूर कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जोड़-तोड़ में मोदी-शाह लगे हुए हैं। शाह एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। फिर जो नया विधेयक वे लाना चाहते हैं, उसमें क्या कुछ छिपाकर रखा गया है, यह कोई नहीं जानता। पुराना विधेयक १७ अप्रैल २०२६ को भारी बहुमत से गिर गया, लेकिन यह लोकतंत्र विरोधी विधेयक गिरने के बावजूद मोदी-शाह रुकने को तैयार नहीं हैं। मानो ८५० सांसदों का विधेयक मंजूर न हुआ तो भारतवर्ष पर आसमान ही टूट पड़ेगा। इस मुद्दे पर सरकार को विपक्ष का समर्थन चाहिए, लेकिन विपक्ष को भरोसे में लेकर बातचीत करने के लिए सरकार तैयार नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे ने प्रधानमंत्री को अब तक चार पत्र भेजे हैं। उन्होंने सर्वदलीय बैठक बुलाकर इन सभी मुद्दों पर चर्चा करने की मांग की है, लेकिन प्रधानमंत्री मौन साधे हुए हैं। डिलिमिटेशन विधेयक से ज्यादा कई चिंताजनक विषय देश के सामने हैं। उन पर चर्चा होना जरूरी है। ८५० सांसदों वाला विधेयक आगे टाला जा सकता है, लेकिन मोदी-शाह की नाक पर इस विधेयक का ‘ईगो’ चमक रहा है। इस विधेयक को मंजूर कराके ही रहेंगे, ऐसी चुनौती ही उन्होंने दे दी है।
विधेयक के लिए सब कुछ
डिलिमिटेशन यानी निर्वाचन क्षेत्र पुनर्गठन विधेयक के लिए मोदी-शाह की सांसें मानो कंठ में अटकी हुई हैं। १९७६ में इंदिरा गांधी ने इस विधेयक को २५ साल के लिए आगे टाल दिया था। आगे २००१ में अटलबिहारी वाजपेयी ने भी यही विधेयक अगले २५ साल के लिए यानी २०२६ के बाद होने वाली पहली जनगणना का परिणाम आने तक टाल दिया था। इसमें ही राष्ट्रहित, नैतिकता और विवेकशीलता थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी का इन तीनों चीजों से संबंध नहीं दिखता। १९ नवंबर को उद्योगपतियों के सम्मेलन में मोदी ने पहली बार स्वीकार किया कि देश पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है। उन्होंने अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उद्योगपतियों से उन्होंने पूछा, हमने तुम पर रियायतों की बारिश कर दी, लेकिन नौकरियां कहां हैं? निवेश कहां है? ऐसे अहम सवाल सामने होने के बावजूद प्रधानमंत्री डिलिमिटेशन बिल के लिए अड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं लगता और वे तनाव में हैं, यह उनके चेहरे और शारीरिक हाव-भाव से जाहिर होता है। ऐसे व्यक्ति का अनावश्यक डिलिमिटेशन विधेयक के लिए सिर फोड़ना ठीक नहीं है। आज भी मोदी-शाह विपक्ष को तुच्छ समझते हैं और तुम्हारी मदद के बिना इतना अहम विधेयक मंजूर करके दिखाएंगे, ऐसा कहते हैं तो धमकियों और घोड़ेबाजार के जोर पर। इसके लिए अमित शाह ने जो ‘यज्ञ’ रचा है, उसमें कई पार्टियों और कई पार्टियों के सांसदों की आहुति पड़ेगी। ‘नेशनल स्टॉक एक्सचेंज’ की तर्ज पर भाजपा का ‘नेशनल घोड़ेबाजार स्टॉक एक्सचेंज’ है। उस स्टॉक मार्केट में सांसद का भाव १०० से डेढ़ सौ करोड़ रुपए तक लगाया गया है। डिलिमिटेशन विधेयक मंजूर कराने के लिए करीब ४० सांसद कम पड़ रहे हैं। विभिन्न पार्टियों के सांसद प्रति डेढ़ सौ करोड़ के बदले में क्रॉस वोटिंग करें। विधेयक मंजूर कराएं, ऐसी मोदी-शाह की योजना है। कुछ छोटे दलों से इस बारे में सीधी ‘डील’ हो गई है। अमित शाह इसी डील के लिए फिलहाल बार-बार मुंबई आ रहे हैं और देशभर के सांसदों के भाव तय कर रहे हैं। इस ‘डील’ के लिए लगने वाले सैकड़ों करोड़ रुपए आखिर मुंबई के बिल्डर और कुछ मंत्री जमा करके देंगे, यह बात जगजाहिर है। ८५० सांसदों के लिए चल रहा यह घोड़ाबाजार देश के लोकतंत्र की प्रतिष्ठा नष्ट करने वाला है। देशभर के सांसदों को अपने जाल में फांसने के लिए डेढ़ सौ करोड़ का भाव, इस हरामखोरी को क्या कहें? ममता बनर्जी के बचे हुए सांसद, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र के सांसद भाजपा के इस ‘नेशनल घोड़ेबाजार स्टॉक एक्सचेंज’ में शामिल होते हैं या नहीं, बस यही अब देखना है।
बंटाधार
भारतीय लोकतंत्र का मौजूदा बंटाधार बेहद दुखद है। सत्ता हाथ में बनी रहे, इसके लिए राजनेता एवं सत्ताधारी आखिर किस हद तक नीचे गिरेंगे? भारतीय संसद की पूरी संरचना और उसके मूल स्वरूप को ही वे बदलने चले हैं। मोदी-शाह कहते हैं, ‘‘महिलाओं को आरक्षण मिले, इसके लिए ८५० सीटों की लोकसभा बना रहे हैं।’’ यह सरासर झूठ है। २०२९ में सत्ता बरकरार रखने के लिए वे लोकसभा के निर्वाचन क्षेत्र को अपनी मर्जी के मुताबिक मनमाने ढंग से तोड़ना चाहते हैं और लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र को भाजपा के अनुकूल बनाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। इसका प्रयोग उन्होंने असम में किया भी है। ईवीएम घोटाला, वोट चोरी के बाद ‘डिलिमिटेशन’ के माध्यम से चुनावों को कब्जे में लेने का यह नया प्रयोग है। यह सफल नहीं होना चाहिए।
मोदी का ‘विकसित भारत’ कहते हैं, वह यही है।
हमें ऐसा भारत नहीं चाहिए, यह जनता को एक बुलंद आवाज में कहना चाहिए!

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button