राष्ट्रीय

ड्रोन के झुंडों पर टूटेगा कहर… पोकरण में गरजा भार्गवस्त्र, 64 वारों से पलक झपकते ही ढेर होंगे दुश्मन

भारत ने दुश्‍मन के सस्‍ते ड्रोन के झुंड से निपटने के लिए स्‍वदेशी एंट्री ड्रोन सिस्‍टम भार्गवस्‍त्र तैयार कर लिया है. नागपुर की एसडीएएल कंपनी ने पोकरण फील्‍ड फायरिंग रेंज में इसके सफल टेस्‍ट पूरे किए. यह सिस्‍टम 64 रॉकेट दाग सकता है. इसमें गाइडेड माइक्रो-मिसाइल भी हैं. 10 किलोमीटर दूर से ड्रोन की पहचान और 2.5 किलोमीटर तक रेंज में हमला कर यह उसे नष्‍ट कर सकता है.

युद्ध के मैदान में अब सिर्फ लड़ाकू विमान और मिसाइलें ही खतरा नहीं हैं. सस्ते ड्रोन के झुंड भी दुश्मन के लिए बड़ी मुसीबत बन रहे हैं. ऐसे हमलों से निपटने के लिए भारत ने अपना नया हथियार तैयार कर लिया है. नागपुर की कंपनी सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड (SDAL) ने स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम भार्गवस्त्र का विकास और इंटीग्रेशन पूरा कर लिया है. कंपनी के मुताबिक, 20 से 24 नवंबर 2026 के बीच राजस्थान की पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में इसके विकास टेस्‍ट किए गए. ये टेस्‍ट सफल रहे. यह सिस्टम एक साथ बड़ी संख्या में आ रहे दुश्मन के ड्रोनों से मुकाबला करने के लिए बनाया गया है. इसकी खासियत है कि यह रॉकेट और गाइडेड माइक्रो-मिसाइल दोनों से हमला कर सकता है.

पहले 64 रॉकेटों से हमला, फिर मिसाइल से सटीक निशाना
भार्गवस्त्र में दो स्तरों पर दुश्मन के ड्रोन को रोकने की व्यवस्था है. इसका पहला स्तर अनगाइडेड माइक्रो-रॉकेट पर आधारित है. सिस्टम एक साथ 64 रॉकेट दाग सकता है. कंपनी के बताए आंकड़ों के मुताबिक, हर रॉकेट के विस्फोट से करीब 20 मीटर के दायरे में मौजूद ड्रोन को नुकसान पहुंचाया जा सकता है. यह क्षमता खास तौर पर तब काम आएगी, जब दुश्मन एक साथ कई छोटे ड्रोन भेजेगा. दूसरा स्तर गाइडेड माइक्रो-मिसाइल का है. इसका इस्तेमाल उन ड्रोनों के खिलाफ किया जा सकता है, जो रॉकेट हमले से बच निकलते हैं. ये मिसाइलें लक्ष्य की ओर बढ़कर सीधे उससे टकराती हैं. इस तकनीक को ‘हिट-टू-किल’ कहा जाता है. यानी निशाना साधने के बाद मिसाइल सीधे ड्रोन को मार गिराती है.

10 KM दूर से पहचान, 2.5 KM तक हमला
भार्गवस्त्र में लगे रडार और दूसरे सेंसर 6 से 10 किलोमीटर की दूरी पर ड्रोन का पता लगा सकते हैं. लक्ष्य की पहचान के बाद यह सिस्टम 2.5 किलोमीटर तक की दूरी में उसे निशाना बना सकता है. कंपनी के अनुसार, पहचान से लेकर ड्रोन को मार गिराने तक की प्रक्रिया में 16 सेकंड से कम समय लगता है. इसमें साल्वो मोड भी दिया गया है. इसके जरिए सिस्टम महज दो सेकंड में दो रॉकेट दाग सकता है. माइक्रो-म्यूनिशन का वजन करीब 2.5 किलोग्राम बताया गया है. इसमें ठोस ईंधन और विस्फोटक पेलोड का इस्तेमाल किया गया है. रात के अंधेरे में भी लक्ष्य की पहचान के लिए इसमें खास सेंसर लगाए गए हैं. इनमें रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर शामिल हैं. रेडियो फ्रीक्वेंसी डिटेक्टर भी दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने में मदद करते हैं. इन सभी से मिलने वाली जानकारी को एआई आधारित कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम संभालता है.

रेगिस्तान से ऊंचे पहाड़ों तक हो सकेगी तैनाती
भारतीय सेना के सामने एक बड़ी चुनौती ड्रोन हमलों को कम खर्च में रोकने की भी है. कई बार सस्ते ड्रोन को गिराने के लिए महंगी एयर डिफेंस मिसाइलों का इस्तेमाल करना पड़ता है. भार्गवस्त्र में रॉकेट और छोटी मिसाइलों का इस्तेमाल इसी खर्च को कम करने की दिशा में अहम हो सकता है. यह सिस्टम ऑल-टेरेन वाहन पर लगाया गया है. इसलिए इसे अलग-अलग तरह के इलाकों में ले जाना आसान होगा. रेगिस्तान, मैदानी क्षेत्रों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इसकी तैनाती की जा सकती है. कंपनी के मुताबिक, इसे समुद्र तल से 5,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर भी इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया गया है.

आकाशतीर और दूसरे रक्षा नेटवर्क से जुड़ने की क्षमता
भार्गवस्त्र को सेना के मौजूदा हवाई सुरक्षा नेटवर्क के साथ जोड़ने की भी योजना है. यह आकाशतीर और इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम (IACCS) जैसे नेटवर्क के साथ काम कर सकता है. इससे अलग-अलग रडार और सेंसर से मिलने वाली जानकारी का इस्तेमाल बेहतर तरीके से किया जा सकेगा. ड्रोन युद्ध में लगातार बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए भार्गवस्त्र भारत की हवाई सुरक्षा के लिए अहम साबित हो सकता है. हालांकि, विकास परीक्षणों में मिली सफलता के बाद इसके सैन्य इस्तेमाल, आगे के परीक्षण और सेना में शामिल किए जाने की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button