अन्य राज्य

बिजनेसमैन से ठगे 11 करोड़ रुपये, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

जमीन के कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर दिल्ली के एक कारोबारी से 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये ठगने वाला शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया. गुजरात का रहने वाला मुकेश एल. बेलानी ठगी की रकम लेने के बाद इस तरह गायब हुआ कि पुलिस को उसे पकड़ने में एक साल से ज्यादा का समय लग गया. वह अपना घर छोड़कर महाराष्ट्र के खोपोली में छिपा हुआ था. यहां वह अकेले रहकर आलीशान जिंदगी जी रहा था जबकि उसका परिवार गुजरात में ही रह रहा था.

दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने करीब एक महीने की लगातार मेहनत और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को दबोच लिया. आरोपी की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.

20 बीघा जमीन का सौदा, 11 करोड़ से ज्यादा की रकम ठगी

पुलिस के मुताबिक दिल्ली के कारोबारी ऋषि पाल बंसल को उत्तराखंड के रुड़की स्थित गांव खताखेड़ी में 20 बीघा जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया गया था. मई 2024 में दो आरोपियों ने उनसे संपर्क किया और जमीन के सौदे में निवेश करने पर कम समय में अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया. इसके बाद कारोबारी की मुलाकात गिरोह के दूसरे सदस्यों से कराई गई. 

आरोपियों ने जमीन खरीदने और फिर उसे ज्यादा कीमत पर बेचने की पूरी योजना समझाई. 20 बीघा जमीन का सौदा 11 करोड़ 10 लाख 20 हजार रुपये में तय किया गया. कारोबारी को भरोसा दिलाया गया कि जमीन खरीदने के बाद उसे आगे बेचकर सभी को अच्छा मुनाफा होगा.

पहले भरोसा जीता, फिर करोड़ों रुपये अपने कब्जे में लिए

आरोपियों ने कारोबारी का भरोसा जीतने के लिए जमीन के सौदे से जुड़े एग्रीमेंट भी तैयार कराए. इसके बाद अलग-अलग समय पर नकद और बैंक के जरिए बड़ी रकम ली गई. कारोबारी को लग रहा था कि जमीन का सौदा जल्द पूरा हो जाएगा और उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा. लेकिन रकम हाथ में आते ही आरोपियों की नीयत बदल गई. न तो जमीन की खरीद-फरोख्त का वादा पूरा हुआ और न ही कारोबारी को उसका पैसा वापस मिला.

जमीन दिखाई कुछ और, सौदे में निकली कुछ अलग

कुछ समय बाद कारोबारी को शक हुआ और उसने जमीन के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की. तब पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह विवादित है. इतना ही नहीं उसे मौके पर जो जमीन दिखाई गई थी और वास्तव में बिक्री के लिए पेश की जा रही जमीन में भी अंतर था. जिस जमीन को खरीदकर आगे बेचने से मोटा मुनाफा दिलाने का दावा किया गया था उसका सौदा ही पूरा नहीं हुआ. कारोबारी ने आरोपियों से कई बार अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उन्होंने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया. इसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया.

कोर्ट के आदेश पर FIR, आरोपी घोषित हुआ भगोड़ा

रोहिणी कोर्ट के निर्देश पर 27 मई 2025 को थाना सुभाष प्लेस में चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश की धाराओं में FIR दर्ज की गई. जांच के दौरान मुकेश बेलानी पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ और लगातार अपनी जगह बदलता रहा. काफी कोशिशों के बाद भी जब वह हाथ नहीं आया तो 23 मई 2026 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया. इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया.

गुजरात से मुंबई और फिर खोपोली तक पहुंची पुलिस

आरोपी को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने अलग-अलग जगहों पर उसकी तलाश शुरू की..पुलिस टीम ने पहले गुजरात के वडोदरा में उसके घर और संभावित ठिकानों की जांच की, लेकिन वह वहां से पहले ही फरार हो चुका था. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया जानकारी के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. लगातार कोशिशों के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी वडोदरा से मुंबई पहुंचा है..इसके बाद उसकी लोकेशन मुंबई-पुणे हाईवे पर स्थित खोपोली में मिली..

गुजरात से मुंबई और फिर खोपोली तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने परिवार से भी दूरी बना ली थी. उसका परिवार वडोदरा में रह रहा था जबकि वह खोपोली में अकेले रहकर आलीशान जिंदगी जी रहा था. पुलिस की नजर से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था..इतना ही नहीं, वह किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था  ताकि उसकी लोकेशन और पहचान तक पहुंचना आसान न हो.. करीब एक महीने तक पीछा करने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे खोपोली से गिरफ्तार कर लिया..

चार राज्यों में ठगी और नकली नोटों के मामले पहले से दर्ज

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि मुकेश बेलानी पहली बार ठगी के मामले में नहीं पकड़ा गया है. उसके खिलाफ गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी चार अन्य मामले दर्ज हैं. इनमें धोखाधड़ी के साथ नकली नोटों से जुड़ा मामला भी शामिल है. गुजरात के करेलीबाग थाने में दर्ज एक मामले में सात लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर आर्थिक रूप से मजबूत कारोबारियों को निशाना बनाता था. पहले उन्हें जमीन खरीदने और फिर उसे ज्यादा कीमत पर बेचने का सपना दिखाया जाता था. जब कारोबारी बड़ी रकम लगा देता था तो आरोपी सौदा पूरा किए बिना गायब हो जाते थे.

तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय पुलिस थाने ले जाया गया. इसके बाद महाराष्ट्र के खालापुर कोर्ट में पेश कर तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई है. क्राइम ब्रांच ने संबंधित थाना सुभाष प्लेस के जांच अधिकारी को गिरफ्तारी की सूचना दे दी है. अब आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस उसके साथियों और इस तरह की ठगी के दूसरे मामलों में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button