तकनीकी

जब सच सोशल मीडिया का पहला शिकार बन जाता है

एक समय था जब सुबह का अखबार हमारे जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा हुआ करता था। हम उसका इंतजार करते थे, चाय की प्याली के साथ उसे खोलते थे और अपने देश तथा दुनिया में क्या हो रहा है, यह पढ़ते थे। शाम को हम खबरें सुनने के लिए टैलीविजन चलाते थे। हम पत्रकारों, संपादकों और समाचार संगठनों पर भरोसा करते थे कि वे हमें बताएंगे कि क्या हुआ है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह, कि वह क्यों हुआ है। वे दिन अब किसी और ही युग के लगते हैं। आज खबरें हमारी समझने की क्षमता से भी तेज गति से फैलती हैं। हमारे फोन पर एक नोटिफिकेशन चमकता है, एक व्हाट्सएप संदेश आता है, इंस्टाग्राम पर एक वीडियो दिखाई देता है और कुछ ही सैकेंड में हमें हजारों किलोमीटर दूर हो रहे किसी युद्ध, राजनीतिक विवाद, किसी सैलिब्रिटी के स्कैंडल या किसी त्रासदी के बारे में पता चल जाता है। बस एक बटन दबाते ही सब कुछ उपलब्ध है।

नि:संदेह सोशल मीडिया ने हमारे जीवन को बदल दिया है। इसने लोगों को जोड़ा है, भौगोलिक सीमाओं को तोड़ा है और आम नागरिकों को वह आवाज दी है, जो उनके पास पहले कभी नहीं थी। इसने भ्रष्टाचार को उजागर किया है, अन्याय को सामने लाया है और उपेक्षित मुद्दों पर जनता का ध्यान खींचा है। लेकिन इसने एक परेशान करने वाली नई वास्तविकता भी पैदा कर दी है-हमारे पास पहले से कहीं अधिक जानकारी है लेकिन इस बात को लेकर हम कम निश्चित होते जा रहे हैं कि सच क्या है। आज हर कोई रिपोर्टर है, हर किसी की अपनी राय है और हर किसी के पास एक मंच है। कोई भी व्यक्ति बिना किसी संपादक, तथ्य-जांचकत्र्ता या पूरी कहानी जाने बिना ही किसी घटना को रिकॉर्ड कर करोड़ों लोगों तक पहुंचा सकता है। समस्या यह है कि जो आजादी सच को आगे बढऩे देती है, वही झूठ को भी फैलने का मौका देती है और अक्सर कहीं अधिक तेजी से।

एक पुरानी तस्वीर को वर्तमान घटना बताकर फैलाया जाता है। किसी दूसरे देश के वीडियो को भारत में घटी घटना के रूप में पेश किया जाता है। किसी भाषण को संपादित किया जाता है, किसी बयान को संदर्भ से काटकर दिखाया जाता है और किसी अफवाह को ब्रेकिंग न्यूज के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। जब तक सच सामने आता है, तब तक अक्सर नुकसान हो चुका होता है। और अब आॢटफिशियल इंटैलिजैंस (ए.आई.) ने इस समस्या को कहीं अधिक खतरनाक बना दिया है। ए.आई. ऐसी घटनाओं की तस्वीरें बना सकता है, जो कभी हुई ही नहीं, सार्वजनिक हस्तियों की आवाज की हूबहू नकल कर सकता है और ऐसे वीडियो तैयार कर सकता है, जिनमें लोग वे बातें कहते नजर आते हैं, जो उन्होंने कभी कही ही नहीं। ये डीपफेक इतने वास्तविक होते जा रहे हैं कि असली रिकॉॄडग और गढ़ी हुई रिकॉॄडग के बीच अंतर करना दिनों-दिन कठिन होता जा रहा है। कल्पना कीजिए कि कोई राजनेता एक भड़काऊ भाषण देता हुआ दिखाई दे रहा है जो उसने कभी दिया ही नहीं। सांप्रदायिक ङ्क्षहसा का एक गढ़ा हुआ वीडियो पूरे देश में आक्रोश भड़का रहा है या एक कृत्रिम रिकॉॄडग से किसी आम इंसान की प्रतिष्ठा नष्ट हो रही है। ये अब दूर की संभावनाएं नहीं रह गईं। ये डिजिटल युग के वास्तविक खतरे हैं। ए.आई. हजारों फर्जी खाते, भ्रामक लेख और जनमत को प्रभावित करने के लिए डिजाइन किए गए सुनियोजित संदेश भी तैयार कर सकता है। 

अब झूठ का निर्माण औद्योगिक स्तर पर किया जा सकता है। जिस काम के लिए कभी एक संगठित प्रचार तंत्र की आवश्यकता होती थी, वह अब एक कम्प्यूटर और कुछ ही क्लिक के जरिए आसानी से हासिल किया जा सकता है।इससे भी बड़ा सवाल यह है, कि इस सबकी जांच कौन कर रहा है? सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ध्यान आकॢषत करने के लिए बनाए गए हैं, न कि अनिवार्य रूप से सच की रक्षा करने के लिए। सनसनीखेज सुॢखयां, आक्रोश, डर और विवाद क्लिक और शेयर बढ़ाते हैं। सामग्री जितनी अधिक चौंकाने वाली होती है, वह उतनी ही दूर तक जाती है। एल्गोरिदम हमें वही सब अधिक दिखाते हैं, जो हम पहले से देखते और मानते हैं, जिससे विचारों के छोटे-छोटे द्वीप बन जाते हैं जहां हम शायद ही कभी अपनी खुद की सोच पर सवाल उठाते हैं। हम तेजी से अपनी ही स्क्रीन के कैदी बनते जा रहे हैं।
भारत में इसके परिणाम विशेष रूप से गंभीर हो सकते हैं। धर्म, जाति, राजनीति और सांप्रदायिक घटनाओं के बारे में झूठी जानकारी नफरत पैदा कर सकती है,हिंसा भड़का सकती है और समुदायों को बांट सकती है। कोई भी इसकी प्रामाणिकता की जांच करे, उससे पहले ही एक मनगढ़ंत संदेश हजारों फोन तक पहुंच सकता है। फिर भी हम परिणामों पर विचार किए बिना संदेशों को आगे बढ़ाते रहते हैं। हम जागरूक नागरिकों की बजाय तुरंत प्रतिक्रिया देने वाले लोगों का देश बन गए हैं।

जिम्मेदारी के बिना तकनीक एक हथियार बन सकती है। सरकारों को दुर्भावनापूर्ण डीपफेक और जानबूझकर फैलाई जाने वाली गलत सूचनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। प्रौद्योगिकी कंपनियों को उनके प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली सामग्री के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। लेकिन जिम्मेदारी हमसे भी शुरू होती है। किसी संदेश को आगे बढ़ाने से पहले हमें यह पूछना चाहिए कि वह कहां से आया है। क्या विश्वसनीय समाचार संगठनों द्वारा इसकी रिपोॄटग की जा रही है? क्या तस्वीर असली है? क्या वीडियो हाल ही का है? क्या बयान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि की गई है? हमें जो कुछ भी दिखता है, उस पर सवाल उठाना सीखना होगा, खासकर तब, जब वह हमारे पूर्वाग्रहों की पुष्टि करता हो या हमारे गुस्से को भड़काता हो। और शायद हमें अखबारों और जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व को फिर से समझना होगा। हो सकता है कि एक अखबार हमें सैकेंडों में कुछ न बता पाए लेकिन अच्छी पत्रकारिता हमें वह देती है, जो सोशल मीडिया अक्सर नहीं दे पाता-संदर्भ, जांच-पड़ताल, सत्यापन और जवाबदेही। किसी बात के घटित होने की जानकारी होना और वास्तव में क्या हुआ है, यह समझने में अंतर होता है।

हमने गति के लिए धैर्य का और कई मामलों में सुविधा के लिए गहराई का सौदा कर लिया है। असली खतरा यह नहीं है कि हमें खबरें मिलना बंद हो जाएंगी। असली खतरा यह है कि हम अंतत: यह जानना बंद कर देंगे कि किस पर विश्वास किया जाए। जब तकनीक एक झूठी वास्तविकता गढ़ सकती है और सोशल मीडिया करोड़ों लोगों को उस पर विश्वास दिला सकता है, तो सच की रक्षा करने की जिम्मेदारी बहुत बड़ी हो जाती है। डिजिटल क्रांति का सबसे बड़ा शिकार सच को पहचानने की हमारी क्षमता नहीं बननी चाहिए। हमें याद रखना चाहिए कि किसी कहानी के वायरल होने से वह सही नहीं हो जाती, किसी तस्वीर के होने से वह अनिवार्य रूप से तथ्यात्मक नहीं बन जाती और लाखों फॉरवर्ड किसी झूठ को सच में नहीं बदल सकते।-देवी एम. चेरियन        

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button