राजनीति

सोनिया गांधी की किताब का महत्व

पिछले 175 वर्षों के भारतीय राजनीति के इतिहास में जितने भी महत्वपूर्ण और बड़े नेता हुए, उन्होंने या तो अपनी आत्मकथा लिखी या उनकी जीवनी पर अन्य लेखकों ने अनेकों पुस्तकें प्रकाशित कीं। राष्ट्रीय नेताओं की इस सूची में सोनिया गांधी भी एक महत्वपूर्ण नेता रही हैं, जिन्होंने 1984 से आज तक देश की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभाई है। कभी प्रधानमंत्री की पत्नी के रूप में, कभी यू.पी.ए. की अध्यक्षा के रूप में और कभी विपक्ष की नेता के रूप में। बावजूद इसके न तो उन्होंने कभी अपने व्यक्तिगत जीवन के बारे में मीडिया को इंटरव्यू दी और न ही अब से पहले अपनी जीवनी लिखी। अब ‘बिलान्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ शीर्षक से 800 पन्नों की उनकी जीवनी प्रकािशत हुई है जिसकी लाखों प्रतियां एक झटके में बिक गईं। जाहिर है देश में और देश के बाहर सोनिया गांधी के व्यक्तित्व को जानने की लोगों में बहुत उत्सुकता है। 

सोनिया गांधी ने भी इस पुस्तक में सब कुछ बहुत खुल कर और बेबाकी से लिखा है, जो अब तक उनके विषय में ज्ञात नहीं था। यूं तो सार्वजनिक जीवन में हर नेता को अपने विपक्षियों की आलोचना और टीका-टिप्पणियां झेलनी पड़ती हैं, पर सोनिया गांधी ने इस मामले में सबको पीछे छोड़ दिया है। मेरा आशय यह है कि जितना हमला विपक्ष के एक प्रमुख दल और संगठन ने 1998 से सोनिया गांधी पर किया है, उतना आज तक भारत की राजनीति में किसी पर नहीं किया गया। आश्चर्य की बात यह है कि हमला करने वालों में उच्च संवैधानिक पदों पर बैठे नेता भी शामिल रहे हैं। ङ्क्षचता की बात यह है कि हमलावरों ने सोनिया गांधी पर असंसदीय भाषा में हमला किया और उनके बारे अनेक अफवाहें फैलाईं, जो निराधार थीं। पर सोनिया गांधी ने अत्यंत शालीनता और गाम्भीर्य का परिचय देते हुए सब हमलों को चुपचाप झेला और उफ तक नहीं की, जो कि उनकी हैसियत और कुल की मर्यादा के अनुरूप आचरण था। 

सोनिया गांधी की चुप्पी का गलत अर्थ लगाया गया, जिससे आम जन में भी यह भ्रांति पैदा हुई कि उन आरोपों में कुछ दम है। यह सर्वमान्य तथ्य है कि इस भौतिक जगत में कोई भी पूरी तरह से निष्कलंक या सर्वश्रेष्ठ नहीं होता। कमियां हम सब में होती हैं। मात्रा का अन्तर हो सकता है। भगवान श्री कृष्ण गीता में कहते हैं कि यह भौतिक संसार उनकी त्रिगुणा प्रकृति के संयोग से बना है, जिसमें सतोगुण, रजोगुण और तमोगुण का कुछ-कुछ प्रतिशत शािमल होता है। सोनिया गांधी पर और उनकी आलोचना करने वालों पर भी यह बात लागू होती है।  
पर झूठे आरोप लगाना और शालीनता की सीमाओं को तोड़ कर देश की एक प्रतिष्ठित महिला पर पुरुष समाज द्वारा इस तरह का हमला करना हमारी सनातन संस्कृति के विरुद्ध है। वह भी उस महिला पर, जिसने विदेश से आकर भारत की संस्कृति को अपनाया और अपने जीवन काल में परिवार के 3 प्रमुख लोगों की हत्या और असमय मृत्यु का आघात झेला।

उल्लेखनीय है कि 1998 में कांग्रेस की डूबती नैया को बचाने के लिए जब उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया तो विपक्ष के कुछ नेता बौखला गए। तब सुश्री सुषमा स्वराज और कुछ दूसरे बड़े नेताओं ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल पर करारा प्रहार किया। उन दिनों जब भी लोग यह सवाल पूछते थे कि अगर सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनती हैं, तो आपको कैसा लगेगा? मेरा उत्तर यही होता कि वह कभी नहीं बनेंगी। जो बात मैंने अपनी अंत:प्रेरणा के आधार पर कही थी, वह उस दिन सच हो गई, जब श्रीमती गांधी ने वाकई प्रधानमंत्री पद को अस्वीकार कर डा. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनवा दिया।

सोनिया गांधी के आलोचकों ने कुछ ऐसे विषय भी उठाए हैं जिनका उल्लेख सोनिया गांधी की इस पुस्तक में नहीं है। इसके कई कारण हो सकते हैं। उन मुद्दों पर लिखना सोनिया गांधी को असहज लगा हो या उन पर लिख कर वह अनावश्यक विवाद पैदा न करना चाहती हों। 
इतनी छूट तो हर लेखक को होती है कि वह जिन विषयों पर लिखना चाहे, उन पर लिखे और जिन पर न लिखना चाहे उन पर न लिखे। यह टीकाकारों पर है कि वे उन विषयों पर कैसी टिप्पणी करते हैं। जहां तक इस पुस्तक में लिखे गए विषयों का संबंध है तो यह बात हर पाठक मान रहा है कि सोनिया गांधी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 60 वर्षों का लेखा-जोखा बहुत खुल कर किया है। अपने पति, सास और बच्चों के साथ बिताए गए क्षणों का उल्लेख कई बार पाठक को भावुक कर देता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि बिना असंवैधानिक भाषा का प्रयोग किए और बिना आक्रामक हुए सोनिया गांधी ने उन तमाम आरोपों को ध्वस्त कर दिया है, जो गत 28 वर्षों से उन पर लगाए जा रहे थे।

इस लेख के उपरोक्त भाग को पढ़कर कुछ लोग यह कह सकते हैं कि मैं सोनिया गांधी का यशगान कर रहा हूं या कांग्रेस पार्टी का समर्थक हूं। पर यह आरोप निराधार सिद्ध होंगे क्योंकि 1993 जैन डायरी हवाला कांड को उजागर कर और सर्वोच्च न्यायालय में एक लंबी लड़ाई लड़ कर यह सिद्ध कर चुका हूं कि मेरा झुकाव किसी भी राजनीतिक दल की ओर नहीं है। हवाला कांड में सबसे ज्यादा चोट तो कांग्रेस पार्टी को ही लगी थी। पर सोनिया गांधी की पुस्तक के विषय में लिखते समय हमें पुस्तक की विषय वस्तु पर ही अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जब हम निष्पक्ष हो कर ऐसा करते हैं, तभी हम इस पुस्तक का सही मूल्यांकन कर पाते हैं, जो भारतीय राजनीति के इतिहास में एक मील का पत्थर बनकर सामने आई है। इसीलिए समर्थकों और आलोचकों दोनों की रुचि इस पुस्तक को पढऩे में है।-विनीत नारायण

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button