तकनीकी

…तो फिर बुढ़ापे में ए.आई. रोबोट से ही खेलेंगे जेन-जी

युवा पीढ़ी जेन-जी में शादी के लिए बड़ी हिचकिचाहट दिख रही है। यह ट्रैंड कम-ज्यादा पूरी दुनिया में ही देखने को मिल रहा है। इसने समाजशास्त्रियों और मनोवैज्ञानिकों के सामने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी को लेकर क्या कोई डर है? क्या नई पीढ़ी में प्रतिबद्धता का संकट पैदा हो रहा है? या वे जिम्मेदारियों से भाग रहे हैं? ब्रिटेन के थिंक-टैंक मैरिज फाऊंडेशन की एक रिसर्च रिपोर्ट बड़ा ही ङ्क्षचताजनक आंकड़ा दे रही है। रिपोर्ट का शीर्षक है ‘द कोलैप्स ऑफ मैरिज अमंग जेन जी’! रिपोर्ट के अनुसार 58 फीसदी जेन-जी महिलाएं और 56 फीसदी पुरुष ही शादी  करेंगे। यह कोई रायशुमारी नहीं, बल्कि ऑफिस फॉर नैशनल स्टैटिस्टिक्स के आधिकारिक जनसांख्यिकीय डाटा पर आधारित विश्लेषण है। पिछली पीढिय़ों में महिलाओं में यह दर 88 फीसदी और पुरुषों में 82 फीसदी थी। 

अमरीका में 23 से 29 वर्ष की आयु के केवल 26 फीसदी जेन-जी ही विवाहित हैं, जबकि  वहां 42 फीसदी मिलेनियल्स (1980 से 1997) 23 से 29 साल के बीच शादी कर चुके थे। शादी से दूरी का सबसे बड़ा असर पूर्वी एशिया में देखने को मिल रहा है। निक्केई एशिया की रिपोर्ट के अनुसार जापान में 42.4 फीसदी अविवाहित युवाओं का कहना है कि उनका शादी करने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि भारत में शादी नामक संस्था बेहद मजबूत है, मगर शहरी क्षेत्रों में शादी की उम्र तेजी से बढ़ रही है। पहले शादी की उम्र 20 से 25 साल थी, वही अब बढ़कर 28 से 32 साल की तरफ और आगे बढ़ रही है। हालांकि समाजशास्त्री और मनोवैज्ञानिक जेन-जी के इस रुझान को शादी के प्रति डर की बजाय एक स्वस्थ और सचेत विकास मान रहे हैं। प्रसिद्ध अमरीकी समाजशास्त्री एंड्रयू चेरलिन विवाह में इस देरी को कैपस्टोन मॉडल के रूप में देखते हैं। उनके अनुसार आधुनिक युवाओं के लिए विवाह अब जीवन की शुरुआत करने का पहला कदम नहीं रह गया, बल्कि यह व्यक्तिगत उपलब्धियों के शिखर पर रखा जाने वाला अंतिम पत्थर (कैपस्टोन) बन गया है। 

पहले विवाह एक कॉर्नरस्टोन (आधारशिला) की तरह होता था। युवा कम उम्र में शादी करते थे और फिर साथ मिलकर करियर, घर और आॢथक स्थिति बनाते थे। इसके विपरीत कैपस्टोन मॉडल में युवा पहले अपनी शिक्षा, करियर, आॢथक स्थिरता और व्यक्तिगत पहचान स्थापित करते हैं और उसके बाद ही शादी करने का निर्णय लेते हैं।  इस तरह जेन-जी के लिए शादी व्यक्तिगत सफलता और परिपक्वता का एक प्रतीक बन गई है। जनसांख्यिकीय अनुमानों के अनुसार इतिहास की किसी भी पिछली पीढ़ी के मुकाबले जेन-जी के एक बड़े हिस्से की कभी शादी न करने की प्रबल संभावना है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि वे शादी के खिलाफ हैं बल्कि यह बदलाव अनिच्छा की बजाय देरी और परिस्थितियों का नतीजा होगा, जो आगे चलकर स्थायी अविवाहित जीवन में बदल सकता है। मैरिज फाऊंडेशन की रिपोर्ट बताती है कि अगर वर्तमान रुझान जारी रहता है तो ब्रिटेन में जेन-जी की लगभग 42 फीसदी महिलाओं और 44 फीसदी पुरुषों की अपने पूरे जीवनकाल में कभी शादी नहीं होगी। पीयू रिसर्च सैंटर के आंकड़ों के अनुसार, अमरीका में 40 वर्ष की आयु तक शादी न करने वालों का प्रतिशत 1980 में केवल 6 फीसदी था, जो बढ़कर 25 फीसदी हो गया है। 

गंभीर संकेत यह है कि शादी की दर कम होने का सीधा असर वैश्विक जन्म दर पर पड़ रहा है। इससे आने वाले दशकों में कई देशों में बुजुर्गों की आबादी बढ़ेगी और कामकाजी युवाओं की संख्या कम होगी। यह ए.आई. रोबोटिक्स को दुनिया का कामकाज अपने हाथ में लेने का मौका देगा। समाज ए.आई. पर पूरी तरह निर्भर होगा, इसके अलग सामाजिक खतरे हो सकते हैं। जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देश, जहां जन्मदर चिंताजनक है, बुजुर्गों की संख्या बढऩे से नर्सों और केयरगिवर्स की भारी कमी हो रही है। इसलिए केयर रोबोट्स तैयार किए जा रहे हैं, जो दवा याद दिलाने, चलने,फिरने में मदद करने और स्वास्थ्य निगरानी का काम करते हैं। बुजुर्गों का अकेलापन दूर करने के लिए ए.आई. रोबोट और पालतू जानवर इस्तेमाल हो रहे हैं। ‘पारो’ रोबोटिक सील अकेले बुजुर्गों का पसंदीदा साथी बनती जा रही है। इस तरह कल-कारखानों की असैंबली लाइन में श्रमशक्ति के संकट से निपटने के लिए ए.आई. संचालित रोबोटिक्स पर निर्भरता शिफ्ट हो रही है। 

जिन देशों में जन्म दर तेजी से गिरी, वहां की सरकारें भी ङ्क्षचतित हैं। कुछ साल पहले दक्षिण कोरिया में दुनिया की सबसे कम प्रजनन दर दर्ज की गई थी। लेकिन अब लगातार दूसरे साल हल्की वृद्धि देखी गई है। इसके लिए सरकार ने अरबों डॉलर खर्च किए हैं। वहां बुसान का साहा जिला प्रशासन सरकारी मैचमेकिंग कार्यक्रमों में भाग लेने वाले युवाओं को डेटिंग खर्च, सगाई और हनीमून यात्रा के लिए लाखों वॉन तक की नकद सहायता देता है। हर जोड़े पर करीब डेढ़ से दो करोड़ वॉन तक प्रशासन खर्च कर रहा है। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 10 लाख रुपए से 14 लाख रुपए तक होती है।

भारत में भी युवा अब अपनी शिक्षा पूरी करने, नौकरी पाने और बचत करने के बाद ही शादी के बारे में सोचने लगे हैं। आर्थिक अनुकूलता अब भावनात्मक जुड़ाव जितनी ही महत्वपूर्ण हो गई है। शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक अरेंज मैरिज की जगह लिव-इन रिलेशनशिप का चलन भी बढ़ रहा है। ज्यादातर जेन-जी शादी समारोहों में सैंकड़ों मेहमानों के लिए दिखावा करने की जगह छोटे, अंतरंग और व्यक्तिगत रूप से यादगार कार्यक्रमों को पसंद कर रहे हैं। इसने भारतीय समाज में एक नया पारिवारिक और पीढ़ीगत टकराव पैदा किया है। शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं विवाह में घरेलू कामों और फैसलों में बराबरी चाहती हैं। नोकैप्स की रिपोर्ट के अनुसार समाज और पुरुषों में एक बड़ा हिस्सा आज भी पारंपरिक पितृसत्तात्मक अपेक्षाएं रखे हुए है, जिससे वैवाहिक कलह बढ़ती है। सोशल मीडिया के कारण विकल्पों की अधिकता ने युवाओं में सही साथी चुनने को लेकर भ्रम और अवास्तविक अपेक्षाएं पैदा कर दी हैं। टूटते रिश्तों और धोखाधड़ी के मामले डर भी पैदा कर रहे हैं। भारत में भी अविवाहित रहने वालों की संख्या में उछाल है। जहां 1980 के दशक में यह रुझान 1 फीसदी के आसपास था, वहीं अब यह बढ़कर 8 फीसदी तक पहुंच गया है। इस तरह जेन-जी के युवा होने के साथ भारतीय समाज में भी विवाह नामक संस्था एक गंभीर बदलाव से गुजर रही है। अगर इस पर गंभीरता से नहीं सोचा गया तो मौजूदा पीढिय़ां अपने बुढ़ापे में नाती-पोतों से नहीं, ए.आई. रोबोट के साथ ही खेलेंगी।-हम, देश के लोग अकु श्रीवास्तव

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button