राजनीति

आशा है पंजाब का चुनाव एक परिवर्तनकारी नेतृत्व प्रदान करेगा

पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा, इसके बाद कांग्रेस की संगरूर रैली और अकाली दल-भाजपा गठबंधन की संभावना ने राज्य में बहुकोणीय चुनावी मुकाबले की पृष्ठभूमि तैयार कर दी है। पंजाब के ग्रामीण सिख युवाओं के धार्मिक उत्साह से पोषित एक नवोदित राजनीतिक दल ‘वारिस पंजाब दे’ के भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की व्यापक संभावना व्यक्त की जा रही है। 

हालांकि, चुनाव का समग्र परिदृश्य चिंताजनक है। राजनीतिक दलों और उनके नेताओं के बीच तीखी प्रतिद्वंद्विता ने राजनीतिक वातावरण को दूषित कर दिया है। राज्य की प्रगतिशील नीतियों पर सूचित और सार्थक बहस का स्थान कटु व्यक्तिगत आरोपों ने ले लिया है। कृषि अर्थव्यवस्था के विविधीकरण, नशे की लत, औद्योगिक ठहराव, बेरोजगारी, पर्यावरण के क्षरण, भूजल में कैंसरकारी तत्वों की मौजूदगी, स्वास्थ्य और शिक्षा के गिरते स्तर, व्यापक भ्रष्टाचार, राजनीतिक ङ्क्षहसा, गैंगस्टरवाद तथा राज्य की सत्ता के दुरुपयोग जैसे गंभीर और ज्वलंत मुद्दे एक ऐसे राज्य की कहानी बयान करते हैं, जो निरंतर पतन की ओर अग्रसर है।
स्पष्ट है कि पंजाब का नेतृत्व करने के इच्छुक लोगों को राज्य के लंबे समय से लंबित पुनरुत्थान के लिए एक ईमानदार और व्यावहारिक कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। यह कार्ययोजना मुफ्त सुविधाओं के ऐसे अस्थिर वादों से आगे बढऩी चाहिए, जिनकी कीमत राज्य को निरंतर बढ़ते कर्ज और जनता को एक दिवालिया राज्य की उदारता पर स्थायी निर्भरता के रूप में चुकानी पड़ती है। विकट चुनौतियों के सामने राजनीतिक नेतृत्व की असली कसौटी यह होगी कि क्या वह संकीर्ण और कटु दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित और सांझा उद्देश्यों पर आधारित राजनीति की एक उदात्त दृष्टि को अपनाने के लिए तैयार है?

इसी प्रकार, राजनीतिक दलों का यह दायित्व है कि वे चुनाव में ऐसे उम्मीदवारों को उतारें, जिनका हृदय उदार हो, जिनकी दृष्टि व्यापक हो और जिनकी राजनीति जनसेवा के पवित्र सिद्धांतों पर आधारित हो। सभी दलों के नेताओं द्वारा बार-बार दिए जाने वाले इस वक्तव्य का कि केवल जीतने वाले उम्मीदवारों को ही पार्टी का टिकट दिया जाएगा, यही अर्थ होना चाहिए कि उम्मीदवार वही बनें, जो नि:स्वार्थ सेवा और जनता के साथ अपने व्यवहार में विनम्रता के प्रति प्रतिबद्ध हों। इसके साथ ही मतदाताओं पर भी एक समान दायित्व है कि वे ऐसे उम्मीदवारों को चुनें, जिनका सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक आचरण निष्कलंक रहा हो, न कि उन्हें जिनकी नेतृत्व की दावेदारी मुख्यत: अवैध रूप से अर्जित धन और अपराधियों के संरक्षण में पलने वाली बाहुबल की ताकत पर टिकी हो। पंजाब को ऐसी राजनीति का मार्ग प्रशस्त करना चाहिए, जो पूजनीय गुरुओं की शिक्षाओं में निहित हो और जो दमनकारी सत्ता के विरुद्ध सत्य, न्याय तथा निर्बलों की रक्षा के लिए शक्ति के उपयोग की वकालत करती हो। 

जहां ‘आप’ एक सत्तारूढ़ दल के रूप में अपनी राजनीतिक सत्ता बचाने के संघर्ष में अपना वर्चस्व बनाए रखने के लिए सत्ता के सभी साधनों का उपयोग करेगी, वहीं स्वयं को उसका प्रमुख प्रतिद्वंद्वी मानने वाली कांग्रेस के सामने एक स्पष्ट और बड़ी जिम्मेदारी है। उससे अन्य दलों की तुलना में अधिक अपेक्षा की जाती है कि वह अपनी राजनीतिक भाषा में संयम बरते और ऐसी उदार राजनीतिक दृष्टि प्रस्तुत करे, जिसमें विरोधी की गरिमा का भी सम्मान हो। उसे पंजाब के पुनरुत्थान के लिए स्पष्ट रूप से ईमानदार नीतिगत प्रस्तावों पर आधारित समावेशी राजनीति का वादा करना चाहिए और उसे व्यवहार में भी उतारना चाहिए। उसे ऐसे नए नेतृत्व को प्रोत्साहित करना चाहिए, जिसकी व्यक्तिगत और बौद्धिक ईमानदारी को राज्य की सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की कसौटी पर परखा जा सके।

यह चुनाव केवल राजनीतिक सत्ता को बनाए रखने या उसे हासिल करने का चुनाव नहीं हो सकता। इसे जनता के उस विश्वास की पुष्टि करनी चाहिए, जो उसने अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों की जनसेवा की सर्वोत्तम परंपराओं के अनुरूप कार्य करने की क्षमता में जताया है। अंतत: राज्य का भविष्य मतदाताओं के विवेकपूर्ण निर्णय और लंबे समय से बेहतर दिनों की धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा कर रही जनता द्वारा अपनी जायज अपेक्षाओं को सामूहिक रूप से और पूरी दृढ़ता के साथ अभिव्यक्त करने पर निर्भर करता है। ऐसे समय में शकील बदायूंनी का यह शे’र अत्यंत प्रासंगिक हो उठता है-

साहिल की तरफ कश्ती ले चल, तूफान के थपेड़े सहना क्या।
तू आप ही अपना माझी बन, मौजों के सहारे बहना क्या। 
अर्थात् जनता स्वयं अपनी नाव को किनारे की ओर ले जाए, आखिर तूफान के थपेड़े कब तक सहती रहे? वह स्वयं अपनी नाव की पतवार संभाले, लहरों के भरोसे असहाय होकर बहते रहने का क्या औचित्य? 
आशा है कि पंजाब का यह चुनाव राज्य को ऐसा परिवर्तनकारी नेतृत्व प्रदान करेगा, जो अल्लामा इकबाल की इस दर्दभरी पुकार का आश्वस्त करने वाला उत्तर बन सके-
निशान-ए-राह दिखाते थे जो सितारों को,
तरस गए हैं किसी मर्द-ए-राहदां के लिए। 
अर्थात् जो कभी सितारों को भी राह दिखाया करते थे, आज वे स्वयं मार्ग जानने वाले किसी सच्चे पथप्रदर्शक के लिए तरस रहे हैं।-अश्वनी कुमार

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button