BSF जवान शराब तस्करी में गिरफ्तार, वर्दी की आड़ में हरियाणा से अवैध शराब लेकर आया, कई सालों से कर रहा कारोबार

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर में पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में BSF के एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमाशंकर तिवारी के रूप में हुई है। वह हरियाणा में BSF में पदस्थ बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से अंग्रेजी शराब की करीब 84 बोतलें जब्त की हैं। इनकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि BSF का एक जवान अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा है। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर फोरलेन के पास घेराबंदी की और आरोपी को शराब की बोतलों के साथ पकड़ लिया।
हरियाणा से शराब लेकर छतरपुर आया था
CSP अरुण सोनी ने बताया कि आरोपी हरियाणा से शराब लेकर छतरपुर आया था। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
बटालियन को गिरफ्तारी की सूचना भेजी है
वहीं, छतरपुर SP रजत सकलेचा ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उसकी बटालियन को भी गिरफ्तारी की सूचना दी जाएगी। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पिछले कई साल से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां सप्लाई की जानी थी और इस कारोबार में उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।



